हांगकांग, 17 जून (एपी) हांगकांग पुलिस ने लोकतंत्र समर्थक अखबार ‘एप्पल डेली’ के प्रधान संपादक और चार अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को विदेशी ताकतों से साठगांठ करने के आरोप में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत बृहस्पतिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। उनके कार्यालयों की तलाशी भी ली गई।
हांगकांग पुलिस ने पहली बार लोकतंत्र समर्थक एक अखबार के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून की असीम शक्तियों का इस्तेमाल किया है।
पुलिस ने कहा कि उसके पास इस बारे में पुख्ता सबूत हैं कि एप्पल डेली द्वारा प्रकाशित 30 से अधिक आलेखों ने चीन और हांगकांग के खिलाफ प्रतिबंध लगाने की विदेशी ताकतों की साजिश में ‘अहम भूमिका’ निभाई। ये प्रतिबंध चीन के अर्ध स्वायत्त शहर में नागरिक अधिकारों को कथित तौर पर सीमित करने के बीजिंग के कदम के जवाब में लगाए गए हैं।
एप्पल डेली ने एक बयान में कहा कि इस कदम से वह ‘निशब्द’ है लेकिन साथ ही आगे भी रिपोर्टिंग जारी रखने का संकल्प लिया।
एप्पल डेली अक्सर चीन और हांगकांग की सरकार की आलोचना शहर पर नियंत्रण सख्त करने को लेकर करता रहा है और 1997 में हुए करार से बीजिंग पर पीछे हटने का आरोप लगाता रहा है। वर्ष 1997 में चीन ने हांगकांग को ब्रिटेन से अपने नियंत्रण में लेने के लिए 50 साल तक ‘एक देश दो विधान का’ वादा किया था।
एप्पल डेली के संस्थापक जिम्मी लाई इस समय 20 महीने कैद की सजा काट रहे हैं। उन्हें यह सजा वर्ष 2019 में अनधिकृत रूप से सभा करने के मामले में दी गई है।
हांगकांग में वृहद लोकतांत्रिक अधिकार देने की मांग को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं जबकि चीन इस क्षेत्र में अधिकारों को सीमित कर रहा है और इसी कड़ी में पिछले साल लागू राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तेहत अबतक करीब 100 लोकतंत्र समर्थकों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
एप्पल डेली, साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट और अन्य स्थानीय मीडिया के अनुसार, एप्पल डेली के प्रधान संपादक रयान लॉ, नेक्स्ट डिजिटल के सीईओ चेउंग किम-हुंग, द पब्लिशर के मुख्य संचालन अधिकारी और दो अन्य संपादकों को गिरफ्तार किया गया है।
हांगकांग राष्ट्रीय सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधीक्षक ली क्वाई वाह ने बताया कि पुलिस ने एप्पल डेली से जुड़ी तीन कंपनियों की करीब 23 लाख अमेरिकी डॉलर की संपत्ति भी जब्त कर ली है। हांगकांग स्टॉक एक्सचेंज के मुताबिक कंपनी के अनुरोध पर बृस्पतिवार को नेक्सट डिजिटल के शेयरों की खरीद-बिक्री रोक दी गई है।
उन्होंने बताया कि एप्पल डेली के कार्यालय की तलाशी में करीब 200 पुलिस अधिकारी लगाये गये और सरकार के मुताबिक तलाशी का वारंट राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत सबूतों की तलाश करने के लिए जारी किया गया।
एप्पल डेली ने पाठकों के नाम जारी पत्र में कहा कि पुलिस ने तलाशी के दौरान 38 कंप्यूटर जिनमें पत्रकारिता से जुड़ी ‘महत्वपूर्ण’ सामग्री थी सहित कई सामान को जब्त कर लिया है।
पत्र में कहा गया, ‘‘आज हांगकांग असहज महसूस कर रहा है और हमें निशब्द कर दिया है। ऐसा महसूस हो रहा है कि हम सत्ता को मनमर्जी से ताकत का इस्तेमाल करने से रोकने के मामले में शक्तिविहीन हैं। हालांकि, एप्पली डेली के कर्मी मजबूती के साथ खड़े हैं। हम हांगकांग वासियों की सेवा करते रहेंगे और उम्मीदों पर खरा उतरेंगे ताकि हमें अपने पाठकों और जिस दौर में रह रहे हैं उसमें कोई पछातावा नहीं हो।’’
हांगकांग के सुरक्षा मंत्री जॉन ली ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पुलिस एप्पल डेली कंपनी से जुडे लोगों और अन्य की भी जांच करेगी ताकि पता लगाया जा सके कि अपराध में कहीं उन्होंने भी तो मदद नहीं की।
उन्होंने कहा कि एप्पल डेली के संपादक और अन्य अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई पत्रकारिता से जुड़ा नहीं है।
हांगकांग पत्रकार संघ के अध्यक्ष क्रिस येउंग ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गिरफ्तारी और एप्पल डेली पर छापेमारी का समाज पर दूरगामी असर पड़ेगा। उन्होंने आशंका जताई कि राष्ट्रीय सुरक्षा कानून का इस्तेमाल मीडिया के अधिकारियों और पत्रकारों को दंडित करने के औजार के तौर पर किया जा सकता है।
एपी धीरज उमा
उमा