विदेश सचिव मिसरी ने बीजिंग में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की उपमंत्री से मुलाकात की

Ads

विदेश सचिव मिसरी ने बीजिंग में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की उपमंत्री से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 10:22 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 10:22 PM IST

(केजेएम वर्मा)

बीजिंग, 27 जुलाई (भाषा) विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने सोमवार को चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की केंद्रीय समिति के अंतरराष्ट्रीय विभाग की उपमंत्री सुन हाइयान से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों को लेकर नेताओं के दिशानिर्देशों को लागू करने के तरीकों पर चर्चा की।

पूर्व में चीन में भारत के राजदूत रह चुके मिसरी ने सोमवार को बीजिंग की अपनी आधिकारिक यात्रा शुरू की।

भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “विदेश सचिव मिसरी और उपमंत्री सुन ने द्विपक्षीय संबंधों के लिए नेताओं के दिशानिर्देशों को और प्रभावी ढंग से लागू करने के तरीकों पर चर्चा की। इसमें दोनों पक्षों के लिए प्राथमिकता वाले मुद्दों का समाधान करना और राजनीतिक, लोगों के बीच, शैक्षणिक तथा विचारक संस्था स्तर के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना शामिल है।”

मिसरी ने 14वें चीन के जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन (सीपीपीसीसी) की राष्ट्रीय समिति के उप महासचिव हांग लियांग से भी मुलाकात की।

दूतावास ने कहा, “उन्होंने (मिसरी और लियांग ने) राजनीतिक और लोगों के बीच परस्पर संबंधों के स्तर पर द्विपक्षीय आदान-प्रदान को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।”

मिसरी की यह यात्रा 21 जुलाई को मनीला में दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्रों का संगठन (आसियान) से संबंधित बैठकों के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बीच हुई मुलाकात के बाद हुई।

भाषा जितेंद्र प्रशांत

प्रशांत