भारत की जन्म दर प्रतिस्थापन स्तर से नीचे आ गई है : एलन मस्क

Ads

भारत की जन्म दर प्रतिस्थापन स्तर से नीचे आ गई है : एलन मस्क

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 01:05 AM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 01:05 AM IST

(योषिता सिंह)

न्यूयॉर्क, छह जून (भाषा) स्पेसएक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क ने शनिवार को कहा कि भारत में जन्म दर जनसंख्या को स्थिर रखने के लिए आवश्यक प्रतिस्थापन स्तर से नीचे आ गई है।

अरबपति कारोबारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत की जन्म दर प्रतिस्थापन स्तर से नीचे आ गई है। सबसे अधिक शिक्षित लोगों में, भारत में जन्म दर कई साल पहले ही प्रतिस्थापन स्तर से नीचे चली गई थी।’’

मस्क ने मीडिया संस्थान ‘एएफ पोस्ट’ के आंकड़ों का हवाला देते हुए यह कहा।

‘एएफ पोस्ट’ ने सोशल मीडिया मंच पर कहा था कि भारत की प्रजनन दर देश के इतिहास में पहली बार प्रतिस्थापन स्तर से नीचे चली गई है और ‘‘केवल एक दशक में कुल प्रजनन दर (टीएफआर) 2.3 से घटकर 1.9 रह गई है। दिल्ली की प्रजनन दर अब 1.2 है जो फिनलैंड से भी कम है।’’

एएफ पोस्ट ने ‘द इकोनॉमिस्ट’ में चार जून को प्रकाशित एक लेख का हवाला दिया था, जिसका शीर्षक था, ‘भारत की आबादी जल्द ही घटने लगेगी-संभवतः काफी तेजी से।’

भाषा

सिम्मी संतोष

संतोष