बेरुत, 20 मई (एपी) इजराइल की वायुसेना द्वारा मंगलवार को दक्षिणी लेबनान में हवाई हमले किए गए जिसमें चार महिलाओं व तीन बच्चों सहित कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
लेबनान में हुई जनहानि पर इजराइल की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इजराइल और हिजबुल्ला के बीच ताजा संघर्ष ईरान पर अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हमले के दो दिन बाद, दो मार्च को शुरू हुआ था। उस समय इस लेबनानी चरमपंथी संगठन ने इजराइल पर रॉकेट दागे थे।
लेबनान की सरकार ने बताया कि तटीय प्रांत टायर के गांव दीर कनौन अल-नहर पर हुए हवाई हमले में तीन बच्चों और तीन महिलाओं सहित 10 लोगों की मौत हो गई। इस हमले में एक बच्चे समेत तीन अन्य लोग घायल भी हुए।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस हमले के संबंध में कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी, लेकिन सरकारी समाचार एजेंसी ‘राष्ट्रीय समाचार एजेंसी’ ने बताया कि हमले में एक मकान पूरी तरह नष्ट हो गया और कई लोग मलबे में दब गए। उनके शव बाद में मलबे से निकाले गए।
मंत्रालय के अनुसार, दक्षिणी शहर नबातियेह पर किए गए हवाई हमले में चार लोगों की मौत हो गई और दो महिलाओं सहित 10 अन्य घायल हो गए। वहीं, पास के गांव कफर सिर पर हुए तीसरे हमले में एक महिला सहित पांच लोगों की जान चली गई।
लेबनान में जारी संघर्ष के कारण 10 लाख से अधिक लोग बेघर हो चुके हैं। कई लोग बेरुत की सड़कों के किनारे और भूमध्य सागर के तट पर तंबुओं में रहने को मजबूर हैं।
दूसरी ओर, इजराइल लेबनानी क्षेत्र में तैनात अपने सैनिकों और उत्तरी इजराइल के सीमावर्ती कस्बों को निशाना बनाकर हिजबुल्ला द्वारा किए जा रहे ड्रोन हमलों को रोकने के लिए संघर्ष कर रहा है।
इजराइल की सेना ने बताया कि मंगलवार को दक्षिणी लेबनान में संघर्ष के दौरान उसका एक सैनिक मारा गया। इसके साथ ही हालिया संघर्ष शुरू होने के बाद से मारे गए इजराइली सैनिकों की संख्या 21 हो गई है।
एपी
खारी वैभव
वैभव