कीव, 29 अगस्त (एपी) यूक्रेन की राजधानी कीव के निकट बुचा जिले पर रूसी हमले में कम से कम 37 लोग मारे गए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
स्थानीय क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर टकाचेंको ने बताया कि हमले से भीषण आग लग गई, जो कई घरों एवं एक रेस्तरां तक फैल गई।
उन्होंने कहा कि इस हमले में कम से कम 50 रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं।
एक बयान में, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि माइला गांव में एक गोदाम पर हमला हुआ, ‘जिसके बाद धमाका हुआ।’
उन्होंने हमलास्थल के बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं दी, लेकिन उसी संदेश में लिखा कि सरकारी लापरवाही के आरोपों पर आपराधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ज़ेलेंस्की ने कहा, ‘‘नियम बने हुए हैं – गोला-बारूद को घरों या रिहायशी इलाकों के पास नहीं रखा जा सकता।’’
यूक्रेनी नेता ने लिखा कि बुजुर्ग-दिव्यांग देखभाल गृह और रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने कहा, ‘‘370 से ज़्यादा लोगों को पहले ही सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा चुका है और लोगों को निकालने का काम अब भी जारी है।’’
रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उसने माइला में एक गोदाम पर हमला किया।
मंत्रालय ने यह भी कहा कि उसने मायकोलाइव और इज़मेल के बंदरगाहों के साथ-साथ कीव इलाके में एक लॉजिस्टिक्स सेंटर और गोदाम पर भी हमला किया, जहां यूक्रेन की फ्लेमिंगो क्रूज़ मिसाइलों के कलपुर्जे रखे थे।
एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार को यूक्रेन के दक्षिणी खेरसॉन इलाके में रूसी हमलों में दो लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए।
एपी धीरज राजकुमार दिलीप
दिलीप