दक्षिण कोरिया में वाहन के कलपुर्जे बनाने वाली फैक्टरी में आग लगी, 55 लोग घायल
दक्षिण कोरिया में वाहन के कलपुर्जे बनाने वाली फैक्टरी में आग लगी, 55 लोग घायल
सियोल, 20 मार्च (एपी) दक्षिण कोरिया के डेजॉन में शुक्रवार को वाहनों के कलपुर्जे बनाने वाली एक फैक्टरी में आग लग गई जिसमें कम से कम 55 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।
राष्ट्रीय अग्निशमन एजेंसी ने बताया कि संभवतः विस्फोट से आग लगी और इस घटना में 24 लोग गंभीर रूप से घायल हुए है।
शहर के देदोक जिले के अग्निशमन प्रमुख नम डेउक-वू ने बताया कि अधिकारी आग लगने की घटना के समय मौजूद बताए जा रहे 14 अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
एजेंसी के मुताबिक, घटनास्थल से मिले वीडियो और तस्वीरों में परिसर से घना धुआं उठता हुआ देखा जा सकता है और कुछ कर्मचारी भी एक इमारत से कूदते हुए नजर आए।
अग्निशमन प्रमुख के अनुसार, आग लगने की सूचना अपराह्न करीब 1:18 बजे मिली। हालांकि, आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है।
उन्होंने बताया कि आग में फैक्टरी का एक भवन नष्ट हो गया। इसके ढहने की आशंका के कारण दमकलकर्मी इसमें प्रवेश नहीं कर सके।
अग्निशमन प्रमुख के अनुसार, आग को और फैलने से रोकने और वहां मौजूद रसायनों को हटाने के प्रयास जारी है।
एजेंसी ने बताया कि परिसर में लगभग 200 किलोग्राम अत्यधिक प्रतिक्रियाशील रसायन थे।
उन्होंने कहा कि मौके पर 500 से अधिक दमकलकर्मी व अन्य आपात कर्मियों के अलावा करीब 120 वाहन व उपकरण तैनात किए गए हैं।
भाषा
प्रचेता पवनेश
पवनेश

Facebook


