बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक की

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक की

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक की
Modified Date: February 18, 2026 / 06:27 pm IST
Published Date: February 18, 2026 6:27 pm IST

ढाका, 18 फरवरी (भाषा) बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बुधवार को नवगठित मंत्रिमंडल की पहली बैठक की अध्यक्षता की, जिसका उद्देश्य ‘‘नए प्रशासन की दिशा तय करना’’ था। मीडिया की खबरों से यह जानकारी मिली।

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के प्रमुख रहमान (60) ने मंगलवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली।

‘बीडीन्यूज24’ समाचार पोर्टल के अनुसार, ‘‘प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व में गठित मंत्रिमंडल ने नए प्रशासन की दिशा तय करने के लिए अपनी पहली बैठक की।’

मंत्रिमंडल की चर्चा के बाद वह सचिवों के साथ एक अलग बैठक करेंगे।

सरकारी समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के एक बयान का हवाला देते हुए बताया कि रहमान शाम में राष्ट्र को संबोधित करेंगे।

बीएनपी नेता रहमान ने अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस का स्थान लिया है, जिन्होंने अवामी लीग शासन के सत्ता से बेदखल होने के बाद अगस्त 2024 में पदभार संभाला था।

दिवंगत राष्ट्रपति जियाउर रहमान और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान 17 साल तक लंदन में स्वनिर्वासन में रहने के बाद दिसंबर में वतन लौटे।

इससे पहले, रहमान ने दोपहर में शहर के शेर-ए-बांग्ला नगर इलाके में स्थित जिया उद्यान में अपने माता-पिता, राष्ट्रपति जियाउर रहमान और खालिदा जिया की कब्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

बीएनपी ने 12 फरवरी को हुए 13वें संसदीय चुनाव में 297 में से 209 सीटें जीतीं, जबकि दक्षिणपंथी जमात-ए-इस्लामी ने 68 सीटें हासिल कीं।

भाषा आशीष अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में