लंदन, 14 जून (एपी) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने रविवार को कहा कि ब्रिटेन एक प्रतिबंधित टैंकर की जांच कर रहा है, जिसके बारे में संदेह है कि वह रूस के तथाकथित ‘‘गुप्त बेड़े’’ (शैडो फ्लीट) का हिस्सा है और यूक्रेन युद्ध को लेकर मॉस्को पर लगाए गए अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए तेल की ढुलाई कर रहा था।
ब्रिटिश सशस्त्र बलों ने रविवार को इंग्लिश चैनल में ‘स्मिर्टोस’ नामक जहाज पर चढ़ाई कर उसे अपने कब्जे में ले लिया। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने इसे ‘‘ब्रिटेन के नेतृत्व में इस तरह का पहला अभियान’’ बताया है।
रक्षा मंत्रालय के बयान के अनुसार, जांच पूरी होने तक इस जहाज को इंग्लैंड के दक्षिणी तट के पास रोका जाएगा और उस पर निगरानी रखी जाएगी। यह अभियान फ्रांसीसी अधिकारियों के साथ ‘‘घनिष्ठ समन्वय’’ में चलाया गया। फ्रांस पहले भी रूस के गुप्त बेड़े से जुड़े कई जहाजों को रोक चुका है।
माना जाता है कि रूस, यूक्रेन के खिलाफ युद्ध के कारण लगाए गए प्रतिबंधों से बचने के लिए सैकड़ों जहाजों वाले एक गुप्त बेड़े का उपयोग कर रहा है।
स्टार्मर ने कहा, ‘‘यह अभियान रूस के लिए एक और बड़ा झटका है और यूक्रेन में (रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर) पुतिन के युद्ध को ईंधन देने वालों को यह याद दिलाता है कि वे छिप नहीं सकते।’’
ब्रिटिश अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के अभियान यूक्रेन के खिलाफ रूस की आक्रामकता को बनाए रखने वाले संसाधनों पर सीधे प्रहार कर रहे हैं और यूरोप तथा अन्य क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने की उसकी क्षमता को कम कर रहे हैं।
एपी गोला सुरेश
सुरेश