कनाडा पुलिस ने जबरन वसूली के आरोप में भारतीय मूल के 17 लोगों को गिरफ्तार किया

Ads

कनाडा पुलिस ने जबरन वसूली के आरोप में भारतीय मूल के 17 लोगों को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 05:33 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 05:33 PM IST

ओटावा, 26 मई (भाषा) कनाडा पुलिस ने दक्षिण एशियाई कारोबारियों और समुदाय के लोगों को निशाना बनाकर कथित तौर पर जबरन वसूली और संगठित अपराध में शामिल 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी भारतीय मूल के बताए जा रहे हैं।

कनाडा की पील पुलिस के जबरन वसूली रोकथाम कार्यबल ने स्थानीय कारोबारियों से जबरन वसूली के लिए डराने-धमकाने, धमकियों और बढ़ती हिंसा की घटनाओं को लेकर यह समन्वित कार्रवाई की।

पुलिस द्वारा सोमवार को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी एक बयान में कहा गया है कि गिरफ्तार किए गए ज्यादातर व्यक्तियों के संबंध ‘फॉर ब्रदर्स’ नामक एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से हैं, जिसने कनाडा और अमेरिका में दक्षिण एशियाई व्यापारियों और समुदाय के सदस्यों को निशाना बनाया था।

पुलिस ने कहा कि संगठित आपराधिक नेटवर्क ब्रैम्पटन, मिसिसॉगा, कैलेडन और ब्रिटिश कोलंबिया में सक्रिय माना जाता था और इसके कैलिफोर्निया से भी संबंध थे।

कनाडा की पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों और अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) द्वारा दिसंबर 2025 में शुरू की गई संयुक्त जांच के बाद अप्रैल 2026 में 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों का संबंध ‘फॉर ब्रदर्स’ गिरोह से जुड़े 16 हिंसक मामलों समेत कुल 24 घटनाओं से है।

आरोपी छह व्यक्तियों के आपराधिक मामले समाप्त होने के बाद आव्रजन संबंधी कार्रवाई हो सकती है, जिसमें देश से निष्कासन भी शामिल है।

जांच के दौरान पुलिस ने छह आग्नेयास्त्र, अवैध मादक पदार्थ, कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और फर्जी पहचान पत्र भी बरामद किए।

आरोपियों की पहचान इकबाल सिंह भगरिया, आकाशदीप सिंह, रविंदर सिंह, जशनबीर सिंह, दिलावरप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, प्रभदीप सोहल, परतापबीर घुमन, अजयदीप सिंह, नवरूप सिंह, राजन सिंह, अमृतजोत सिंह, जशनप्रीत सिंह, गुनीत गुनीत, सुखविंदर सिंह, मोहिंदर सिंह और गौतम के रूप में हुई।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप