मुंबई, 26 मई (भाषा) भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान सूर्यकुमार यादव 30 मई को होने वाले टी20 मैच में युगांडा क्रिकेट टीम के खिलाफ ‘ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट’ की ओर से मैदान पर उतर सकते हैं।
युगांडा की टीम इस समय मुंबई के दौरे पर है जहां वह चार एकदिवसीय और उतने ही टी20 मैच खेलेगी। टी20 प्रारूप के ये मैच टी20 मुंबई लीग की चार अलग-अलग टीम के खिलाफ खेले जा रहे हैं। टी20 मुंबई लीग की शुरुआत यहां एक जून से होगी।
मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के सचिव उन्मेश खानविलकर ने मंगलवार को यहां क्रिकेट युगांडा के साथ पांच साल के सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर की घोषणा के दौरान पत्रकारों को बताया, ‘‘वह टीम का हिस्सा हैं इसलिए उनके खेलने की पूरी संभावना है।’’
खानविलकर ने कहा, ‘‘वह भारतीय कप्तान हैं और जब भी वह किसी भी टीम के खिलाफ खेलते हैं तो इससे टीम का मनोबल बढ़ता है। साथ ही यह क्रिकेट का एक बेहतरीन अनुभव भी साबित होगा।’’
ट्रायम्फ नाइट्स और युगांडा के बीच 30 मई को होने वाला यह मुकाबला यहां बांद्रा कुर्ला परिसर स्थित एमसीए मैदान पर खेले जाने की उम्मीद है।
एमसीए के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने बताया कि क्रिकेट युगांडा के साथ इस समझौते को संभव बनाने में अंतररष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के चेयरमैन जय शाह की भी अहम भूमिका रही है।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द