सेना मुख्यालय पर हमला समेत छह मामलों में इमरान के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Ads

सेना मुख्यालय पर हमला समेत छह मामलों में इमरान के खिलाफ मुकदमा दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 6, 2023 / 06:37 PM IST,
    Updated On - July 6, 2023 / 06:37 PM IST

इस्लामाबाद (पाकिस्तान), छह जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को सेना मुख्यालय पर हमला समेत छह मामलों में नामजद किया गया है। एक मीडिया रिपोर्ट में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई।

पाकिस्तान-तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान के समर्थकों ने नौ मई को रावलपिंडी में पाकिस्तान सेना के मुख्यालय पर हमला किया था। इस घटना को सेना ने ‘काला दिन’ करार दिया था।

जियो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला और एक मेट्रो स्टेशन पर आगजनी की घटना समेत सभी मामलों की जांच संयुक्त टीम कर रही है।

सूत्रों ने चैनल को बताया कि तीन मामले नौ मई को दर्ज किए गए थे जबकि तीन मामले आतंकवाद रोधी कानून के तहत 10 मई को दर्ज किए गए।

पिछले साल अप्रैल में पद से हटने के बाद इमरान पर देशभर में लगभग 150 मामले दर्ज हो चुके हैं। भ्रष्टाचार के एक मामले में इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के परिसर से उनकी नाटकीय गिरफ्तारी के बाद नौ मई को देशभर में हुई हिंसा से खान की पार्टी अब मुश्किलों में दिख रही है।

पीटीआई समर्थकों ने लाहौर में कोर कमांडर हाउस पर भी हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था, जो कभी मुहम्मद अली जिन्ना का निवास था। देशभर में हुई हिंसा में 10 से अधिक लोग मारे गए थे।

रावलपिंडी में दर्ज 28 मामलों में उनका नाम नहीं था। सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान संदिग्धों के दर्ज बयान और कानूनी विशेषज्ञों के परामर्श के आधार पर छह मामलों में उनका नाम शामिल करने का निर्णय लिया गया।

भाषा खारी अविनाश

अविनाश