काहिरा, 25 जुलाई (एपी) यमन के हूती विद्रोहियों ने कहा है कि उन्होंने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण लाल सागर पर स्थित होदेदा शहर पर सऊदी के हवाई हमलों के जवाब में सऊदी अरब पर मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं।
ईरान समर्थित विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सारी ने पहले से रिकॉर्ड किए गए एक बयान में कहा कि उन्होंने यानबू और जिजान शहरों में दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनी ‘अरामको’ के केंद्रों पर हमला किया।
हूती विद्रोहियों के हमले उस कार्रवाई के जवाब में किए गए, जिसे विद्रोहियों ने शनिवार तड़के होदेदा और यमन के पश्चिमी तट के पास स्थित कमरान द्वीप पर सऊदी हवाई हमले बताया। ये दोनों क्षेत्र हूती विद्रोहियों के नियंत्रण में हैं।
लाल सागर में बढ़ता तनाव वैश्विक समुद्री व्यापार को और अधिक प्रभावित कर सकता है, क्योंकि हूती विद्रोहियों ने कहा है कि वे बाब-अल-मंडेब जलडमरूमध्य को सऊदी अरब से जुड़े जहाजों के लिए बंद कर देंगे।
इस सप्ताह हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में सऊदी अरब के दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया था। इसके जवाब में सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने शनिवार तड़के कहा कि उसने यमन के बंदरगाह शहर होदेदा पर हवाई हमला किया।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शनिवार को सरकारी अखबार ‘ईरान’ में प्रकाशित एक साक्षात्कार में कहा कि यमन में संघर्ष को ‘‘सैन्य टकराव’’ के बिना हल करने के लिए ‘‘कूटनीति और संवाद’’ का सहारा लिया जाना चाहिए।
एपी
देवेंद्र प्रशांत
प्रशांत