ड्रोन उड़ाते समय सीमा पार करने के आरोप में दो नेपाली युवकों को चीन ने हिरासत में लिया

Ads

ड्रोन उड़ाते समय सीमा पार करने के आरोप में दो नेपाली युवकों को चीन ने हिरासत में लिया

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 07:35 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 07:35 PM IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 30 जून (भाषा) नेपाल के दो युवकों को ड्रोन उड़ाते समय कथित तौर पर अनजाने में चीन की सीमा में प्रवेश करने के बाद चीनी अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया।

नेपाल पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिये गए युवकों की पहचान काठमांडू निवासी मनोज प्रजापति और भक्तपुर जिले की मध्यपुर थिमी नगरपालिका निवासी सुदीप थापामगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि दोनों युवक सोमवार को काठमांडू से लगभग 160 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित दोलखा जिले में ड्रोन उड़ा रहे थे। पुलिस ने बताया कि इसी दौरान वे कथित तौर पर अनजाने में चीन की सीमा में प्रवेश कर गए, जहां चीनी सीमा सुरक्षा बलों ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने बताया कि बाद में उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने बताया कि वे ब्लॉगर हैं और नेपाल की ओर ड्रोन उड़ाते समय गलती से चीन की सीमा में चले गए।

सिंधुपालचौक जिला पुलिस कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि चीनी अधिकारियों ने दोनों युवकों को रिहा करने पर सहमति जताई है। अधिकारी ने कहा कि चीनी पुलिस उन्हें नेपाल के हवाले करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है और इसके मंगलवार शाम तक पूरा होने की संभावना है।

भाषा अमित नरेश

नरेश