(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 30 जून (भाषा) पाकिस्तान के पंजाब सूबे में अडियाला जेल ले जाते समय कम से कम 14 विचाराधीन कैदी फरार हो गए। स्थानीय मीडिया ने मंगलवार को यह खबर दी।
एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार की खबर के मुताबिक पुलिस चार कैदियों को पकड़ने में कामयाब रही जबकि बाकी 10 को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
खबर के मुताबिक यह घटना सोमवार को हुई, जब रावलपिंडी के पास कहूटा तहसील अदालत में पेशी के बाद 36 विचाराधीन कैदियों को जेल ले जाया जा रहा था।
एक्सप्रेस ट्रिब्यून में प्रकाशित खबर के मुताबिक जब कैदियों को ले जा रहा वाहन इस्लामाबाद के सिहाला पुलिस थाने के इलाके में चकियन पहुंचा तो साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने कैदियों वाले हिस्से से शोरगुल और लड़ाई-झगड़े की आवाज सुनी।
पुलिस के अनुसार, सुरक्षा टीम की अगुवाई कर रहे उप निरीक्षक इम्तियाज़ ने मामला शांत कराने के लिए कैदियों वाले हिस्से का दरवाज़ा खोला।
पुलिस ने बताया कि उस समय, कुछ कैदियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों की आंखों में लाल मिर्च पाउडर फेंका और फिर अलग-अलग दिशाओं में भाग गए।
खबर के मुताबिक भागने वाले कैदियों में से चार को तुरंत पकड़ लिया गया और वापस हिरासत में ले लिया गया, जबकि 10 अन्य फरार होने में सफल रहे।
भाषा धीरज नरेश
नरेश