इजराइली रक्षा अधिकारियों के मौजूदा भारत दौरे से रणनीतिक संबंध और मजबूत होंगे: आईएमओडी

Ads

इजराइली रक्षा अधिकारियों के मौजूदा भारत दौरे से रणनीतिक संबंध और मजबूत होंगे: आईएमओडी

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 10:29 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 10:29 PM IST

(हरिंदर मिश्र)

यरूशलम, 22 जून (भाषा) इजराइली रक्षा मंत्रालय (आईएमओडी) ने सोमवार को कहा कि इजराइल के शीर्ष रक्षा अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल की मौजूदा भारत यात्रा दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह यात्रा क्षेत्र के प्रमुख देशों के साथ सहयोग बढ़ाने पर इजराइल के बल देने को भी दर्शाती है।

इजराइल के रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक मेजर जनरल (रिटायर्ड) अमीर बारम, जो भारत में हैं, ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई उच्च-स्तरीय बैठकें कीं।

आईएमओडी ने एक बयान में कहा कि इन बैठकों के दौरान, दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय रक्षा और औद्योगिक सहयोग को गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की।

बयान में कहा गया, ‘‘यह यात्रा रक्षा मंत्री और मंत्रालय की उस रणनीति को दर्शाती है, जिसका मकसद रक्षा निर्यात को एक ऐसे उपकरण के रूप में बढ़ाना है, जिससे आईडीएफ (इजराइली रक्षा बल) की ताकत बढ़ाई जा सके, विदेश नीति को आकार दिया जा सके और इजराइली रक्षा उद्योग व अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सके।’’

इसमें कहा गया, ‘‘यह इजराइल की रणनीतिक साझेदारियों के दायरे को पूर्व की ओर बढ़ाने और क्षेत्र के प्रमुख देशों के साथ सहयोग को गहरा करने की व्यापक कोशिश का हिस्सा है।’’

भारत को ‘एक प्रमुख रणनीतिक साझेदार’ बताते हुए बारम ने कहा कि यह महत्वपूर्ण यात्रा ‘लंबे समय से जारी द्विपक्षीय तैयारी प्रक्रिया का परिणाम’ है और ‘यह उस बड़े महत्व को दर्शाती है, जो भारत और इजराइल अपने बढ़ते रक्षा और औद्योगिक गठबंधन को बढ़ाने को देते हैं’ और यह हमारे दोनों देशों के बीच के गहरे संबंधों को भी दिखाता है।’’

बयान में रक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा गया, ‘‘यह रिश्ता साझा मूल्यों, गहरी सांस्कृतिक समझ और आपसी भरोसे पर टिका है, जो सिर्फ आपसी हितों से कहीं आगे की चीज है। यही बात इस साझेदारी को खास बनाती है और हमारी संयुक्त परियोजनाओं को और भी अधिक अहमियत देती है।’’

भारत और इजराइल ने इस साल फरवरी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इजराइल यात्रा से ठीक पहले, सहयोग के कई ऐसे क्षेत्रों की पहचान करते हुए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे, जिनसे दोनों देशों को फायदा होगा।

सुरक्षा सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पहचाने गए क्षेत्रों में संयुक्त नियोजन, प्रशिक्षण, रक्षा उद्योग में सहयोग के अलावा क्षमता विकास है, जिसके तहत विज्ञान और तकनीक, अनुसंधान और विकास, तकनीकी नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और साइबर सुरक्षा में सहयोग शामिल है।

भाषा

संतोष दिलीप

दिलीप