रहमान की यात्रा के दौरान बांग्लादेश, चीन संबंधों की भविष्य की दिशा तय करेंगे : बीजिंग

Ads

रहमान की यात्रा के दौरान बांग्लादेश, चीन संबंधों की भविष्य की दिशा तय करेंगे : बीजिंग

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 07:58 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 07:58 PM IST

(केजेएम वर्मा)

बीजिंग, 22 जून (भाषा) चीन ने सोमवार को कहा कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की बीजिंग यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों की भविष्य की दिशा तय करेगी।

बीजिंग की यात्रा के दौरान रहमान चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत करेंगे।

प्रधानमंत्री के रूप में अपने पहले विदेश दौरे के लिए मलेशिया को चुनने वाले रहमान सोमवार शाम कुआलालंपुर से चीन के डालियान शहर पहुंचेंगे।

चीनी विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री ली क्यांग के निमंत्रण पर चीन आ रहे रहमान 23 से 26 जून तक देश की आधिकारिक यात्रा पर होंगे।

मंत्रालय के मुताबिक, रहमान 23-24 जून को डालियान में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की ओर से आयोजित ‘न्यू चैंपियंस की 17वीं सालाना बैठक’ (एएमएनसी) में शामिल होंगे, जिसका उद्घाटन क्यांग करेंगे।

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि चीन यात्रा के दौरान रहमान राष्ट्रपति चिनफिंग, प्रधानमंत्री क्यांग और कई अन्य वरिष्ट नेताओं के साथ बातचीत करेंगे।

उन्होंने कहा, “दोनों देश पारंपरिक मित्र और पड़ोसी होने के साथ-साथ व्यापक रणनीतिक सहयोग साझेदार भी हैं। बातचीत के दौरान नेता द्विपक्षीय संबंधों की भविष्य की दिशा तय करेंगे।”

जियाकुन ने कहा, “चीन बांग्लादेश की नयी सरकार के साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्साहित है। इस यात्रा का मकसद रणनीतिक बातचीत को बेहतर बनाना, पारंपरिक दोस्ती को आगे बढ़ाना, उच्च-गुणवत्ता वाले बीआरआई सहयोग को बढ़ावा देना, अलग-अलग क्षेत्रों में आपसी आदान-प्रदान एवं सहयोग का विस्तार करना और बहुपक्षीय मामलों में तालमेल बढ़ाना है, ताकि चीन-बांग्लादेश की व्यापक रणनीतिक सहयोग साझेदारी को एक नये स्तर पर ले जाया जा सके।”

रहमान की चीन यात्रा से पहले बांग्लादेश के विदेश सचिव असद आलम सियाम ने संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री की बातचीत व्यापार, निवेश, विकास सहयोग, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी पर केंद्रित होगी।

उन्होंने कहा, “बातचीत में चीनी निवेश को बढ़ावा देने, परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने और चीन के साथ बांग्लादेश के व्यापार घाटे को कम करने के उपायों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।”

भाषा पारुल नरेश

नरेश