नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 1,386 हुई
नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 1,386 हुई
(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 12 सितंबर (भाषा) नेपाल में अचानक आई बाढ़ से जान गंवाने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 1,386 हो गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित आठ जिलों से और शव बरामद किए गए हैं।
नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को बर्फ और चट्टानों के हिमस्खलन के कारण आई अचानक बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के शहरों और गांवों में भारी तबाही मचाई थी।
राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से शनिवार को जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, रसुवा में 185, नुवाकोट में 199, धादिंग में 70, गोरखा में 77 और तनहुन में 38 शव बरामद किए गए हैं।
चितवन में 364, नवलपरासी पूर्व में 229 और नवलपरासी पश्चिम में 222 शव बरामद हुए हैं। दो अन्य लोगों की काठमांडू में इलाज के दौरान मौत हुई।
बरामद शवों में से अब तक केवल 104 की पहचान हो सकी है और उन्हें उनके परिजनों को सौंपा गया है।
सुरक्षाकर्मियों की संयुक्त कमान ने खोज और बचाव अभियान जारी रखा है। लापता लोगों की संख्या 5,130 आंकी गई है।
अब तक कुल 13,728 लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि 19 अस्पतालों में 339 लोगों का इलाज जारी है।
इस बीच, 37 राहत केंद्रों में 3,761 लोग शरण लिए हुए हैं। इनमें रसुवा में 839, नुवाकोट में 2,587 और धादिंग में 335 लोग हैं।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


