नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,410 हुई, 6,100 से अधिक लोग अब भी लापता

Ads

नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,410 हुई, 6,100 से अधिक लोग अब भी लापता

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 08:54 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 08:54 PM IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 17 सितंबर (भाषा) नेपाल में पिछले महीने अचानक आई विनाशकारी बाढ़ से मरने वालों की संख्या बृहस्पतिवार को बढ़कर 1,410 हो गई, जबकि 6,100 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। देश के आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को बर्फीली चट्टान के खिसकने के कारण अचानक आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों और गांवों में भारी तबाही मचाई थी।

नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) की ओर से बृहस्पतिवार शाम जारी आंकड़ों के मुताबिक, बाढ़ में अब तक 1,410 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6,145 लोग लापता हैं।

एनडीआरआरएमए के अनुसार, चितवन जिले से 364 शव, नवलपरासी पूर्व से 232, नवलपरासी पश्चिम से 222, नुवाकोट से 203, रसुवा से 199, गोरखा से 78, धादिंग से 72 और तनहूं से 38 शव बरामद किए गए हैं।

एजेंसी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 13,756 लोगों को बचाया जा चुका है। उसने कहा कि सुरक्षा बलों की संयुक्त कमान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खोज और बचाव अभियान लगातार जारी रखे हुए है।

भाषा

शुभम पारुल

पारुल