पश्चिमी नेपाल में 6.6 की तीव्रता का भूकंप; कम से कम छह लोगों की मौत

Ads

पश्चिमी नेपाल में 6.6 की तीव्रता का भूकंप; कम से कम छह लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - November 9, 2022 / 08:26 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:46 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

काठमांडू, नौ नवंबर (भाषा) पश्चिमी नेपाल में मंगलवार देर रात आए 6.6 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केंद्र के अनुसार, नेपाल में देर रात दो बजकर 12 मिनट पर 6.6 तीव्रता का भूकंप आया जिसका केंद्र डोटी जिले में था।

डोटी जिले के पुलिस उपाधीक्षक भोला भट्टा ने बताया कि भूकंप के दौरान कई मकान क्षतिग्रस्त हुए और उसके मलबे में दबने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। भूकंप संबंधी घटनाओं में पांच अन्य लोग घायल भी हुए हैं।

इससे पहले पश्चिमी नेपाल में भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। मंगलवार रात नौ बजकर सात मिनट पर 5.7 तीव्रता का भूकंप आया और इसके कुछ देर बाद रात नौ बजकर 56 मिनट पर 4.1 तीव्रता का भूकंप आया।

भूकंप के झटके उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और गुरुग्राम और गाजियाबाद सहित पूरे उत्तर भारत में महसूस किए गए।

नेपाल में अप्रैल 2015 में 7.8 की तीव्रता के विनाशकारी भूकंप में करीब नौ हजार लोग मारे गए थे और करीब 22 हजार अन्य लोग घायल हुए थे। इसमें आठ लाख से अधिक मकान, स्कूल व अन्य इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं थी।

भाषा निहारिका अर्पणा

अर्पणा