Prahaar Movie Rajkummar Rao Teaser
एंटरटेनमेंट डेस्क : Prahaar Movie Rajkummar Rao Teaser देश के सबसे चर्चित और बड़े मुकदमों में से एक 26/11 मुंबई आतंकी हमले की कानूनी लड़ाई को अब बड़े पर्दे पर एक नए नजरिए से दिखाया जाएगा। अभिनेता राजकुमार राव की आगामी फिल्म ‘प्रहार- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ का दमदार टीज़र मेकर्स द्वारा रिलीज कर दिया गया है। टीज़र के सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा काफी तेज हो गई है। यह फिल्म देश के मशहूर सरकारी वकील उज्ज्वल निकम के जीवन और आतंकवादी अजमल कसाब को फांसी के फंदे तक पहुंचाने के सफर पर आधारित है।
रिलीज हुए टीज़र की शुरुआत राजकुमार राव के बैकशॉट और उनकी दमदार आवाज से होती है, जिसमें वह अपना कोट लेने जाते हैं। टीज़र के बैकग्राउंड में राजकुमार राव की आवाज सुनाई देती है— “पिछले डेढ़ साल में इस केस के चलते बहुत बार मुझसे लोगों ने ये सवाल पूछा कि जब फोटो और वीडियो में साफ-साफ दिखाई दे रहा है, तो हम कसाब को फांसी क्यों नहीं दे रहे? क्यों इतना पैसा, इतना समय बर्बाद कर रहे हैं एक आतंकवादी के ऊपर?” इस दमदार वॉयसओवर के साथ ही टीज़र में 26/11 हमले, फायरिंग और कोर्टरूम के गंभीर दृश्य दिखाए गए हैं।
Prahaar The Untold Story Of Ujjwal Nikam टीज़र में सीधे तौर पर मुंबई आतंकी हमले के बाद चली लंबी और पेचीदा कानूनी प्रक्रिया की ओर इशारा किया गया है। इस टीज़र की सबसे बड़ी खासियत राजकुमार राव का लुक और उनका ट्रांसफॉर्मेशन है। उन्होंने खुद को सरकारी वकील उज्ज्वल निकम के किरदार में पूरी तरह ढाल लिया है। उनके पहनावे, बोलने के कड़क अंदाज और शारीरिक हावभाव में गजब की वास्तविकता दिखाई दे रही है, जिसकी दर्शक जमकर तारीफ कर रहे हैं।
यह फिल्म वकील उज्ज्वल निकम के पेशेवर सफर से प्रेरित है, जिन्होंने अपने करियर में कई बड़े मामलों में सरकार की ओर से पैरवी की है। फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विनर डायरेक्टर अविनाश अरुण ने किया है। फिल्म में राजकुमार राव के साथ वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर और तरुण शर्मा भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। इसके निर्माण का जिम्मा दिनेश विजान और उनकी मैडॉक फिल्म्स की टीम ने संभाला है। फिल्म ‘प्रहार’ आगामी 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।