गाजा में इजराइली हमलों में दो बच्चों समेत आठ लोगों की मौत

Ads

गाजा में इजराइली हमलों में दो बच्चों समेत आठ लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 08:39 AM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 08:39 AM IST

दीर अल-बला (गाजा पट्टी), 30 जून (एपी) दक्षिणी और मध्य गाजा में सोमवार को इजराइल के हवाई हमलों में दो बच्चों समेत कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हुए। स्वास्थ्य अधिकारियों और आपातकालीन सेवाओं ने यह जानकारी दी।

खान यूनिस के अल-मवासी इलाके में एक शिविर पर किए गए हमले में 23 वर्षीय महिला और उसकी एक वर्षीय बेटी की मौत हो गई।

वहीं, नासिर अस्पताल ने बताया कि करारा कस्बे में एक अन्य हमले में 31 वर्षीय युवक की जान चली गई, जिसकी कुछ महीने पहले ही शादी हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है।

इसी क्षेत्र में विस्थापित लोगों के शिविर पर हुए एक अन्य हमले में दो लोगों की मौत हुई और 13 अन्य घायल हो गए। घायलों को अल-मवासी स्थित फलस्तीनी रेड क्रिसेंट के फील्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मध्य गाजा के दीर अल-बला में ड्रोन हमले में कम से कम तीन फलस्तीनियों की मौत हो गई, जिनमें आठ वर्षीय मलिक अबू शवीश और उसके दादा भी शामिल हैं।

अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, मलिक उस समय अपनी मां के तंबू में आया हुआ था और हमले में उसकी मां सहित सात लोग घायल हो गए।

इजराइली सेना ने कहा कि हमला एक चरमपंथी को निशाना बनाकर किया गया था, लेकिन उसकी पहचान या मौत की पुष्टि नहीं की।

इजराइली सेना ने रविवार को दक्षिणी गाजा में हुए एक हमले में इस्लामिक जिहाद के सदस्य जाहेर अबू सलेम के मारे जाने का दावा किया। उसी दिन गाजा में विभिन्न हमलों में कुल चार लोगों की मौत हुई, जिनमें 13 वर्षीय लड़की भी शामिल थी।

अक्टूबर में युद्धविराम लागू होने के बाद बड़े पैमाने पर लड़ाई भले कम हुई हो, लेकिन इजराइली सेना लगभग रोजाना हवाई हमले कर रही है।

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्धविराम के बाद से अब तक 1,045 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं, जिनमें 360 से अधिक महिलाएं और बच्चे हैं। मंत्रालय के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से गाजा में मरने वालों की संख्या 73,058 से अधिक हो गई है।

इस बीच, वेस्ट बैंक में रामल्ला के निकट इजराइली अभियान के दौरान 15 वर्षीय फलस्तीनी लड़के की सिर में गोली लगने से मौत हो गई।

एपी गोला शोभना

शोभना