(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 18 मार्च (भाषा) संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने 10 सर्वाधिक वांछित अपराधियों की सूची में शामिल भगोड़ों के बारे में सूचना देने वालों के लिए इनाम की राशि बढ़ाकर 10 लाख अमेरिकी डॉलर कर दी है।
इस सूची में 11 साल पुराने हत्या के मामले में फरार एक भारतीय नागरिक भी शामिल है और इसमें पहली बार किसी साइबर अपराधी को भी शामिल किया गया है।
एफबीआई के आपराधिक प्रभाग के सहायक निदेशक हीथ आर. जानके ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 10 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में फरार हुए तीन आरोपियों ने नामों को पिछले सप्ताह जोड़ा गया था और सूचीबद्ध किए जाने के तुरंत बाद उनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया।
भारतीय नागरिक भद्रेशकुमार चेतनभाई पटेल 12 अप्रैल, 2015 को मैरीलैंड के हैनोवर में डोनट की दुकान में अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या करने के बाद से फरार है और उसे आखिरी बार न्यू जर्सी के नेवार्क में देखा गया था।
एफबीआई ने कहा कि भद्रेशकुमार पटेल की उम्र अब करीब 35 साल होगी और उसे ‘‘हथियारबंद तथा बेहद खतरनाक’’ माना जाना चाहिए।
‘वाशिंगटन पोस्ट’ में प्रकाशित एक रिपोर्ट में कहा गया है कि पटेल 2017 से शीर्ष 10 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में है और वह मौजूदा सूची में सबसे लंबे समय से शामिल आरोपी है।
जानके ने बताया कि सैमुअल रामिरेज जूनियर, ट्रुंग डुक लू और अनिबल अगुइरे को 10 सबसे वांछित लोगों की सूची में पिछले सप्ताह शामिल किया गया था। उन्होंने कहा कि रामिरेज को सूची में शामिल किए जाने के तुरंत बाद समुदाय के सदस्यों से मिली सूचना के आधार पर मेक्सिको में गिरफ्तार कर लिया गया था।
जानके ने मंगलवार को कहा, ‘‘एफबीआई मौजूदा शीर्ष 10 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों में से प्रत्येक पर घोषित मानक इनाम राशि बढ़ाकर 10 लाख अमेरिकी डॉलर तक कर रहा है।’’
इससे पहले यह राशि 2,50,000 अमेरिकी डॉलर थी।
एफबीआई अधिकारी ने कहा कि अगुइरे 10 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल किया जाने वाला पहला ऐसा आरोपी है जिस पर लगाए गए आरोप साइबर धोखाधड़ी से जुड़े हैं।
भाषा सिम्मी शोभना
शोभना