इस्लामाबाद, 21 मई (भाषा) पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने बृहस्पतिवार को कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक पूरे देश में स्थायी शांति और स्थिरता स्थापित नहीं हो जाती।
पाकिस्तानी सेना ने एक बयान में बताया कि मुनीर ने यह टिप्पणी रावलपिंडी स्थित जनरल मुख्यालय (जीएचक्यू) में आयोजित एक समारोह के दौरान की, जहां सशस्त्र बलों के अधिकारियों और सैनिकों को सैन्य सम्मान प्रदान किए गए।
इन सम्मानों में 50 ‘सितारा-ए-इम्तियाज’ (सैन्य) और 12 ‘तमगा-ए-बसालत’ शामिल थे।
मुनीर ने पाकिस्तान सेना और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की परिचालन तैयारियों तथा उनके अटूट संकल्प की सराहना करते हुए आतंकवादियों के खिलाफ उनके लगातार प्रयासों की प्रशंसा की।
बयान में कहा गया है, ‘‘उन्होंने दोहराया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पूरे राष्ट्रीय संकल्प के साथ तब तक जारी रहेगी, जब तक देशभर में स्थायी शांति और स्थिरता हासिल नहीं हो जाती।’’
भाषा गोला नरेश
नरेश