इंडोनेशिया में यात्री नौका में आग लगने से पांच लोगों की मौत, कई लोग लापता
इंडोनेशिया में यात्री नौका में आग लगने से पांच लोगों की मौत, कई लोग लापता
सुराबाया (इंडोनेशिया), दो अगस्त (एपी) जावा द्वीप के पास रविवार को 271 लोगों को ले जा रही एक नौका में आग लग गई। इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और कई लोग लापता हो गए, जबकि बचाव दल और वहां से गुजर रहे जहाजों ने जलती हुई नौका से सैकड़ों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी के अनुसार, ‘मुटियारा सेंटोसा 2’ नौका देश के दूसरे सबसे बड़े शहर जावा के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर शहर जा रही थी। नौका पर 232 यात्री और चालक दल के 39 सदस्य सवार थे, तभी सुमेनेप रीजेंसी के पास समुद्र में सुबह छह से सात बजे के बीच इसमें आग लग गई।
राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी द्वारा जारी किए गए वीडियो में नौका के एक तरफ से घना काला धुआं निकलता और पूरे जहाज में फैलता हुआ दिखाई दिया।
वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में डरे-सहमे यात्री, जिनमें से ज्यादातर ने जीवनरक्षक जैकेट पहनी हुई थी, डेक और जहाज के ऊपरी हिस्सों पर बचाव का इंतजार करते हुए झुंड में दिखे, जबकि कुछ लोग लपटों के बीच समुद्र में कूदते हुए भी नजर आए।
रविवार दोपहर तक, आस-पास के कई जहाजों ने 225 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को बचा लिया और पांच शव बरामद किए। कम से कम 41 लोगों का कोई पता नहीं चल सका।
आग लगने का कारण तुरंत पता नहीं चल सका और मामले की जांच जारी है।
एपी शफीक दिलीप
दिलीप

Facebook


