इजराइली गोलाबारी में गाजा में एक बच्ची सहित पांच लोग मारे गए : स्वास्थ्य अधिकारी

Ads

इजराइली गोलाबारी में गाजा में एक बच्ची सहित पांच लोग मारे गए : स्वास्थ्य अधिकारी

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 08:54 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 08:54 PM IST

दीर अल-बलाह (गाजा पट्टी), 12 जुलाई (एपी) गाजा में रविवार को इजराइली गोलाबारी में नौ वर्षीय एक बच्ची समेत कम से कम पांच फलस्तीनी मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गाजा शहर के सबरा इलाके में एक लोहार की दुकान पर हुए ड्रोन हमले में कम से कम चार फलस्तीनियों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। मृतकों के शवों और सभी घायलों को शिफा अस्पताल ले जाया गया।

इजराइली सेना ने इस क्षेत्र पर हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि उसने ‘‘आतंकवादी ठिकानों’ को निशाना बनाया, हालांकि उसने इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी।

शुरूआती हमलों के बाद, इजराइली सेना ने फलस्तीनियों को इलाका खाली करने का आदेश दिया था। करीब एक घंटे बाद लोहार की उसी दुकान पर फिर से भीषण हवाई हमले किये गए।

रविवार को ही मध्य गाजा के एक विस्थापित शिविर में इजराइली गोलाबारी में ताला अबू मातार (9) नाम की बच्ची की मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की। हालांकि, इजराइली सेना ने कहा कि उसे ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।

दस अक्टूबर से संघर्ष विराम लागू होने के बाद इजराइली हमलों में काफी कमी आई है, लेकिन अब भी लगभग रोजाना हमले हो रहे हैं। इजराइल का कहना है कि वह हमास और अन्य चरमपंथियों को निशाना बना रहा है। हालांकि, इन हमलों में बड़ी संख्या में आम लोग भी मारे गए हैं।

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, संघर्ष विराम लागू होने के बाद से अब तक कम से कम 1,098 फलस्तीनी मारे गए हैं, जिनमें कम से कम 260 बच्चे शामिल हैं। इस अवधि के दौरान पांच इजराइली सैनिक भी मारे गए हैं।

इजराइल और हमास के बीच संघर्ष विराम के दूसरे चरण को लागू करने, हमास के निरस्त्रीकरण और गाजा के पुनर्निर्माण जैसे मुद्दों पर वार्ता को लेकर अब भी काफी हद तक गतिरोध की स्थिति बनी हुई है।

एपी सुभाष नरेश

नरेश