ऑस्टिन (अमेरिका), 21 सितंबर (एपी) अमेरिका के टेक्सास स्थित ऑस्टिन में आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) के एक अधिकारी ने एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
घायल व्यक्ति की पहचान वेनेजुएला के नागरिक विल्बर राफेल गार्सेस पेरेज (28) के रूप में हुई है।
घटना के कुछ ही समय बाद आईसीई के विरोध में प्रदर्शनकारी घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
ऑस्टिन पुलिस प्रमुख लिसा डेविस ने शहर के मेयर और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में संवाददाताओं से कहा कि एक वाहन को रोके जाने के बाद हुई इस कार्रवाई या गोलीबारी में शहर की पुलिस के अधिकारी शामिल नहीं थे।
उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है।
पेरेज के परिवार का प्रतिनिधित्व कर रहीं आव्रजन वकील केट लिंकन-गोल्डफिंच ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर एक वीडियो साझा कर कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार पेरेज का कोई आपराधिक इतिहास नहीं था और उसे अमेरिका से निष्कासित करने का कोई अंतिम आदेश भी जारी नहीं हुआ है।
वकील ने कहा कि पेरेज के परिवार को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है कि पेरेज की स्थिति क्या है और वह कहां है।
गृह सुरक्षा विभाग ने इस मामले में तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है। आईसीई इसी विभाग के अधीन आता है।
एपी खारी सिम्मी
सिम्मी