न्यूयॉर्क, 21 सितंबर (एपी) अमेरिका ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़ी उन घटनाओं के बारे में सूचना साझा करने के लिए चीन के समक्ष एक नया ‘‘अधिसूचना तंत्र’’ प्रस्तावित किया है जिनका राष्ट्रीय सुरक्षा पर असर पड़ सकता है। अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने यह जानकारी दी।
यह प्रस्ताव इस सप्ताह अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच होने वाली वार्ता से पहले सप्ताहांत में हुई बातचीत के दौरान रखा गया।
बेसेंट ने चीन के उपप्रधानमंत्री हे लिफेंग के साथ न्यूयॉर्क में वार्ता के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम साझा लक्ष्यों और साझा खतरों को लेकर एक समान दृष्टिकोण चाहते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि किसी भी सीमा-पार गतिविधि की तरह दुनिया की दो शीर्ष एआई शक्तियों के बीच अस्पष्टता कम करना और अधिक पारदर्शिता लाना बेहद महत्वपूर्ण है।’’
ट्रंप एआई के विकास की रफ्तार धीमी करने की मांगों का विरोध करते रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसा करने से चीन को अमेरिकी कंपनियों की बराबरी करने का मौका मिल जाएगा।
‘जेपीमॉर्गन चेज’ के मुख्यालय में बेसेंट और अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने रविवार देर रात कहा कि शी और ट्रंप के बीच बृहस्पतिवार को होने वाली वार्ता के लिए आधार तैयार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष उस नए ‘बोर्ड ऑफ ट्रेड’ को अमल में लाने पर सहमत हुए हैं, जिसके बारे में दोनों नेताओं ने मई में बीजिंग में अपनी मुलाकात के दौरान चर्चा की थी।
ग्रीर ने कहा कि दोनों देश अभी इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि किन ‘‘गैर-संवेदनशील’’ वस्तुओं पर शुल्क कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस सूची में उपभोक्ता एवं कृषि वस्तुएं, ऊर्जा उत्पाद और चिकित्सा उपकरण शामिल हो सकते हैं।
एपी
सिम्मी खारी
खारी