पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सुरक्षा अभियान के दौरान पांच आतंकवादी ढेर

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सुरक्षा अभियान के दौरान पांच आतंकवादी ढेर

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सुरक्षा अभियान के दौरान पांच आतंकवादी ढेर
Modified Date: August 20, 2026 / 07:34 pm IST
Published Date: August 20, 2026 7:34 pm IST

कराची, 20 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान पांच आतंकवादी मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। सरकारी मीडिया ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मीडिया में आई खबरों के अनुसार बलूचिस्तान में आतंकवाद के खिलाफ जारी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने बुधवार रात पंजगुर जिले के किल्ली सुरान इलाके में आतंकवादियों को मार गिराया। आतंकवाद के खिलाफ यह अभियान छह जुलाई को जियारत के मंगी बांध में 27 पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद तेज किया गया है।

सरकारी प्रसारक पाकिस्तान टीवी के अनुसार, मारे गए आतंकवादी जिले में जबरन वसूली, फिरौती के लिए अपहरण, लूटपाट और लक्षित हत्याओं में शामिल थे।

सूत्रों के अनुसार, उनके कब्जे से तीन वाहन, जिनमें दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं, और एक आईईडी (विस्फोटक उपकरण) बरामद किया गया। इसके अलावा, एक प्रतिबंधित संगठन के झंडे भी बरामद किए गए।

इससे पहले सोमवार को प्रांत के किल्ली जैक इलाके में चलाए गए अभियान के दौरान दो आतंकवादी मारे गए थे और कई अन्य घायल हुए थे।

गृह मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने बृहस्पतिवार को सुरक्षा बलों की “आतंकवादियों के नापाक मंसूबों को नाकाम करने” के लिए सराहना की।

बयान में नकवी के हवाले से कहा गया, “बलूचिस्तान में शांति के दुश्मनों के खिलाफ सुरक्षा बलों के सफल अभियान सराहनीय हैं।”

पाकिस्तान की संघीय सरकार का आरोप है कि प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी प्रांत में आतंकवादी हमले करती है।

एक अन्य घटना में, बुधवार को बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में अज्ञात बंदूकधारियों ने तीन अफगान नागरिकों की हत्या कर दी, जबकि एक अन्य को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अफगान नागरिक मजदूर थे और अपने गंतव्य तक जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान नकाबपोश हमलावरों ने उन पर गोलीबारी कर दी।

उन्होंने बताया कि दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चौथे घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में