अंकारा, 14 अप्रैल (एपी) दक्षिणपूर्वी तुर्किये के एक ‘वोकेश्नल हाई स्कूल’ में मंगलवार को एक पूर्व छात्र ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें कम से कम 16 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर ने बाद में खुद को भी गोली मारकर जान दे दी।
सानलिउर्फा के राज्यपाल हसन सिल्दाक ने बताया कि 18 वर्षीय हमलावर के पास एक शॉटगन थी और उसने सानलिउर्फा प्रांत के सिवेरेक स्थित इस स्कूल में अंधाधुंध गोलीबारी की और फिर उसी इमारत के अंदर छिप गया।
उन्होंने बताया कि हमलावर ने बाद में उसी बंदूक से खुद को गोली मारकर अपनी जान ले ली।
सिल्दाक ने बताया कि इस हमले में 10 छात्र, चार शिक्षक, कैंटीन का एक कर्मचारी तथा एक पुलिस अधिकारी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि अधिकांश घायलों का इलाज सिवेरेक में किया जा रहा है जबकि गंभीर रूप से घायल शिक्षकों और छात्रों को प्रांतीय राजधानी के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।
इस हमले का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
इससे पहले मीडिया में आई खबरों के अनुसार, हमलावर के आत्मसमर्पण करने से इनकार करने के बाद पुलिस की विशेष अभियान इकाइयों को तैनात किया गया जबकि सभी छात्रों को परिसर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सिल्दाक ने संवाददाताओं से कहा, “पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हमलावर को परिसर के अंदर घेर लिया गया, जिसके बाद उसने खुद को गोली मार ली जिससे उसकी मौत हो गई।”
उन्होंने यह भी बताया कि गोलीबारी की व्यापक जांच की जाएगी।
घटना के वीडियो में दर्जनों छात्र स्कूल से निकलकर गेट की ओर व सड़क पर भागते हुए दिखाई दिए।
एपी प्रचेता पवनेश
पवनेश