पेशावर, 30 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में अलग-अलग अभियान में चार उग्रवादियों को मार गिराया तथा उनके पास से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को खैबर पख्तूनख्वा के उत्तरी वजीरिस्तान जिले के मीर अली और आसपास के इलाकों में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान तीन उग्रवादी मारे गए।
पुलिस ने बताया कि उग्रवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद यह अभियान चलाया गया और इसमें ‘फितना अल-खवारिज’ के ठिकाने को निशाना बनाया गया।
पाकिस्तान, प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के लिए ‘‘फितना अल खवारिज’’ शब्द का इस्तेमाल करता है।
पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।
सुरक्षा बलों ने मीर अली बाजार के पास राशन से भरे ट्रक को रोकने की उग्रवादियों की कोशिश को भी नाकाम कर दिया।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में बलूचिस्तान के सुराब जिले के माल मदरसा के पास गोलीबारी में टीटीपी से संबद्ध एक उग्रवादी मारा गया।
मारे गए उग्रवादी के पास से हथियार और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पाकिस्तान में पिछले कुछ वर्षों में खासकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में आतंकवादी गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई है।
भाषा तान्या सुभाष
सुभाष