वेस्ट बैंक में गोलीबारी में चार फलस्तीनी और एक इजराइली की मौत

Ads

वेस्ट बैंक में गोलीबारी में चार फलस्तीनी और एक इजराइली की मौत

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 01:32 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 01:32 PM IST

यरुशलम, 24 जुलाई (एपी) उत्तरी वेस्ट बैंक में गोलीबारी की एक घटना में चार फलस्तीनी और एक इजराइली की मौत हो गई तथा कई अन्य लोग घायल हो गए। स्वास्थ्य अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

नाबलुस शहर के पास हुई गोलीबारी संबंधी परिस्थितियां तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकीं। इजराइल के कब्जे वाले इस क्षेत्र में हाल के दिनों में हिंसा बढ़ी है।

रामल्ला में फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि चारों फलस्तीनी इजराइली बलों की कार्रवाई में मारे गए। इजराइल की बचाव सेवा ‘मैगन डेविड एडोम’ ने यह नहीं बताया कि इजराइली व्यक्ति की हत्या किसने की।

फलस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि चार घायल फलस्तीनियों का इलाज किया जा रहा है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। इजराइल की बचाव सेवा ने कहा कि दो घायल इजराइलियों को विमान के जरिये वेस्ट बैंक से बाहर ले जाया जा रहा है।

इजराइली सेना ने एक बयान में कहा कि सैनिकों ने नाबलुस के पश्चिम में हवात गिलाद बस्ती के पास पैदल भ्रमण कर रहे इजराइली नागरिकों पर हमले की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की।

सेना ने कहा कि उसने नाबलुस और पास के फलस्तीनी गांव तेल के आसपास ‘‘अस्थायी घेराबंदी’’ कर दी है।

एपी सिम्मी सुरभि

सुरभि

सुरभि