यरूशलम में भारतीय नागरिक मृत मिला, हत्या के आरोप में 31 वर्षीय संदिग्ध गिरफ्तार

Ads

यरूशलम में भारतीय नागरिक मृत मिला, हत्या के आरोप में 31 वर्षीय संदिग्ध गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 11:16 AM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 11:16 AM IST

(हरिंदर मिश्रा)

यरुशलम, 24 जुलाई (भाषा) इजराइल की पुलिस ने यरूशलम में एक भारतीय नागरिक की हत्या के मामले में 31 वर्षीय एक इजराइली नागरिक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 40 वर्षीय भारतीय नागरिक का शव बृहस्पतिवार को यरूशलम के कटामोन इलाके में मिला। ‘द टाइम्स ऑफ इजराइल’ की खबर के मुताबिक, वह एक मकान में फर्श पर खून से लथपथ पड़ा मिला था और उसके चारों ओर खून फैला हुआ था।

इजराइल पुलिस के प्रवक्ता कार्यालय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को ईमेल के जरिए भेजे जवाब में कहा, ‘‘यरूशलम के कटामोन इलाके के एक अपार्टमेंट में भारत के 40 वर्षीय नागरिक का शव मिलने की सूचना के बाद मोरिया पुलिस थाने के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक जांचकर्ताओं के साथ मिलकर प्रारंभिक जांच शुरू की।’’

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान अधिकारियों ने आरोपी के रूप में इलात निवासी एक व्यक्ति की जल्द ही पहचान की और हत्या में कथित संलिप्तता के संदेह में उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

मृत भारतीय प्रवासी श्रमिक की पहचान का भी अभी खुलासा नहीं किया गया है।

यरूशलम जिला कमांडर अवशलोम पेलेद भी घटनास्थल पर पहुंचे और जिला अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।

प्रारंभिक समीक्षा के बाद पेलेद ने जांच जारी रखने के निर्देश दिए और मामले की जांच यरूशलम जिला केंद्रीय जांच इकाई को सौंप दी।

पुलिस द्वारा जारी घटनास्थल के एक वीडियो में मोरिया पुलिस थाने के कमांडर, मुख्य अधीक्षक युवाल रियुवेन ने कहा, ‘‘यरूशलम जिले के मोरिया थाने को एक ऐसे व्यक्ति के बारे में सूचना मिली था, जो एक मकान में खून से लथपथ मिला था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे, उन्होंने पूरे इलाके की घेराबंदी की और प्रारंभिक जांच शुरू की। जांच के दौरान हत्या के एक संदिग्ध का पता लगाया गया।’’

रियुवेन ने कहा, ‘‘जांच के आधार पर हत्या में कथित रूप से शामिल संदिग्ध को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया गया। घटना की सच्चाई का पता लगाने के लिए फिलहाल आगे की जांच जारी है।’’

भाषा गोला सिम्मी

सिम्मी