अफ्रीका में घातक नोमा बीमारी से पीड़ित बच्चों को मुफ्त ऑपरेशन से नई उम्मीद
अफ्रीका में घातक नोमा बीमारी से पीड़ित बच्चों को मुफ्त ऑपरेशन से नई उम्मीद
सोकोतो (नाइजीरिया), 22 सितंबर (एपी) तीन साल की उम्र में नोमा बीमारी की चपेट में आए इब्राहिम दलहातु की 2021 में नाइजीरिया के सोकोटो स्थित नोमा चिल्ड्रेन हॉस्पिटल में पहली बार चेहरे की पुनर्निर्माण सर्जरी हुई थी। अब आठ साल के इब्राहिम की छह सर्जरी हो चुकी हैं और वह काफी हद तक ठीक हो चुका है।
नोमा चेहरे और मुंह में तेजी से फैलने वाला और अक्सर जानलेवा संक्रमण होता है। यह कुपोषित बच्चों में मसूड़ों की सूजन से शुरू होकर त्वचा, ऊतकों और हड्डियों को नष्ट कर देता है। यह मुख्य रूप से दो से छह साल के गरीब बच्चों को प्रभावित करता है।
शुरुआती इलाज में एंटीबायोटिक, घाव की देखभाल और पोषण सुधार शामिल हैं, लेकिन बीमारी बढ़ने पर सर्जरी की जरूरत पड़ती है। मानवीय संगठन डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (एमएसएफ) नाइजीरिया में ऐसे बच्चों की कई चरणों वाली सर्जरी मुफ्त में कर रहा है।
इब्राहिम के पिता मुहम्मद दलहातु ने कहा कि पहले उन्हें इलाज के खर्च की चिंता थी, लेकिन मुफ्त इलाज की जानकारी मिलने पर उन्हें राहत मिली।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने नोमा को उपेक्षित उष्णकटिबंधीय बीमारी के रूप में वर्गीकृत किया है। संगठन के अनुसार, शुरुआती इलाज से इस बीमारी को काफी हद तक कम किया जा सकता है। डब्ल्यूएचओ के 1998 के अनुमान के अनुसार, हर साल इसके करीब 1.40 लाख मामले सामने आते थे और मृत्यु दर 90 प्रतिशत थी।
‘द लैंसेट ग्लोबल हेल्थ’ में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, 1999 से 2024 के बीच उत्तरी नाइजीरिया के 12 राज्यों में नोमा के 50,000 से अधिक मामले सामने आए।
विशेषज्ञों के अनुसार, अत्यधिक गरीबी और गंभीर कुपोषण इस बीमारी के प्रमुख कारण हैं। डब्ल्यूएचओ इसे ‘‘पूर्ण गरीबी का संकेतक’’ बताता है।
एमएसएफ की नाइजीरिया चिकित्सा समन्वयक बुकोला ओलुयिदे ने कहा कि संगठन समुदायों में जागरूकता बढ़ाने पर काम कर रहा है, ताकि बच्चे इलाज के लिए जल्दी पहुंच सकें और गंभीर नुकसान से बच सकें।
सोकोटो के विशेषज्ञ अस्पताल में 2023 से 2025 के बीच उत्तरी नाइजीरिया के 500 से अधिक नोमा पीड़ित बच्चों का इलाज किया गया। अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा निदेशक डॉ. अबुबकर अब्दुल्लाही बेलो ने कहा कि इलाज न मिलने पर बीमारी दो सप्ताह के भीतर ऊतकों को नष्ट कर सकती है।
हालांकि, हर बच्चे को इब्राहिम जैसा अवसर नहीं मिल पाता। चार साल के एक बच्चे को 2024 में नोमा हुआ था और वह सर्जरी का इंतजार कर रहा है। बीमारी ने उसके बाएं गाल में छेद कर दिया है, जिससे वह दर्द में रहता है।
उसकी मां मैरियम साबियू ने कहा कि लोगों का बच्चे को घूरना उनके लिए बेहद तकलीफदेह अनुभव है।
एपी मनीषा अमित
अमित

Facebook


