(तस्वीरों के साथ)
इविन लेस बेंस (फ्रांस), 16 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को फ्रांस के इविन-लेस-बेन्स में जी7 सम्मेलन के दौरान एक दूसरे का अभिवादन स्वीकार किया और संक्षिप्त बातचीत की। करीब डेढ़ साल में दोनों नेताओं की यह पहली आमने-सामने की मुलाकात थी।
मोदी और ट्रंप गर्मजोशी से हाथ मिलाते हुए दिखे और उसके बाद उन्होंने थोड़ी बातचीत भी की। दोनों नेताओं की बुधवार को सम्मेलन के इतर द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है।
तत्काल यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने क्या बातचीत की।
ट्रंप द्वारा मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष को रोकने में अहम भूमिका निभाने के दावे किये जाने और अमेरिका की ओर से भारत पर दंडात्मक शुल्क लगाए जाने के बाद नयी दिल्ली-वाशिंगटन के रिश्तों में भारी गिरावट आई।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की पिछले महीने भारत यात्रा के बाद, दोनों पक्ष द्विपक्षीय संबंधों को फिर से बेहतर बनाने की उम्मीद कर रहे हैं।
हालांकि, ओमान के तट के पास पिछले हफ्ते एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद दोनों देशों के रिश्तों में फिर से तनाव आ गया।
रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाक़ात के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से उन्हें ‘निकट भविष्य’ में व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया था।
उन्होंने भारत को हिंद-प्रशांत को लेकर तैयार अमेरिकी नीति का ‘आधार’ बताया था।
प्रधानमंत्री मोदी जी7 सम्मेलन के दौरान दुनिया के कई अन्य नेताओं के साथ भी द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।
भाषा धीरज शफीक
शफीक