युवाओं में बढ़ते आक्रोश से एक और जनविद्रोह की आग भड़क सकती है: नेपाल की प्रधानमंत्री कार्की

युवाओं में बढ़ते आक्रोश से एक और जनविद्रोह की आग भड़क सकती है: नेपाल की प्रधानमंत्री कार्की

युवाओं में बढ़ते आक्रोश से एक और जनविद्रोह की आग भड़क सकती है: नेपाल की प्रधानमंत्री कार्की
Modified Date: February 19, 2026 / 03:13 pm IST
Published Date: February 19, 2026 3:13 pm IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 19 फरवरी (भाषा) नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने बृहस्पतिवार को चेतावनी दी कि अगर युवाओं के असंतोष का समाधान नहीं किया गया तो इससे एक और विद्रोह की आग भड़क सकती है।

काठमांडू में नेपाली सेना पवेलियन में 76वें लोकतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र ठोस परिणाम देने वाला होना चाहिए, इससे नागरिकों के अधिकारों की रक्षा होनी चाहिए और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।

पिछले साल सितंबर में ‘जेनरेशन जेड’ (जेन-जेड) के नेतृत्व वाले प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कार्की ने कहा, ‘‘उस आंदोलन का उद्देश्य भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और भेदभाव को समाप्त करना था। इसका उद्देश्य सुशासन और समान न्याय सुनिश्चित करना था।’’

नेपाल में युवाओं के इस प्रदर्शन के कारण के. पी. शर्मा ओली के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार को सत्ता से हटना पड़ा था।

उन्होंने आगे कहा, ‘‘राज्य को न केवल उदारता से, बल्कि विनम्रता और कर्तव्य की गहरी भावना से भी इसका जवाब देना चाहिए।’’

उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं की असंतोष की समस्या का समाधान नहीं करने से एक और विद्रोह भड़क सकता है।

पिछले साल 12 सितंबर को अंतरिम प्रधानमंत्री बनीं कार्की ने कहा, ‘‘युवाओं को कमजोर करके कोई भी राष्ट्र प्रगति नहीं कर सकता।’’

उन्होंने कहा, ‘‘युवाओं में ऊर्जा, बदलाव की आकांक्षा और आक्रोश है।’’ उन्होंने कहा कि लोकतंत्र ‘‘न केवल एक प्रक्रिया है, बल्कि एक परिणामोन्मुखी प्रणाली है’’।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने सैद्धांतिक रूप से लोकतंत्र को अपनाया, लेकिन व्यवहार में हमने भेदभाव को बढ़ावा देना जारी रखा। हमने संविधान में समानता का प्रावधान किया; फिर भी अपनी व्यवस्थाओं के भीतर हम असमानता को प्रश्रय देते रहे।’’

कार्की ने कहा कि सत्ता और संसाधनों पर एकाधिकार ने जनता के विश्वास को कम कर दिया है, जिससे विद्रोह को बढ़ावा मिला है।

इसके अलावा, नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने कामना व्यक्त की कि लोकतंत्र दिवस देश में स्थायी शांति, सुशासन, विकास और समृद्धि के राष्ट्रीय लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायक हो।

राष्ट्रपति पौडेल ने कहा कि नेपाली लोगों को 1950 की क्रांति को कभी नहीं भूलना चाहिए क्योंकि यह संघीय लोकतांत्रिक गणराज्य की स्थापना के लिए एक महत्वपूर्ण आधार थी।

नेपाल में लोकतंत्र की स्थापना 1950 की क्रांति के माध्यम से हुई, जिसने राणा प्रधानमंत्रियों के 104 साल पुराने वंशानुगत शासन को समाप्त कर दिया और राजा को नाममात्र का प्रमुख बना दिया।

भाषा सुरभि सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में