कुंभ मेले के खर्च में कटौती की जाए, उस पैसे का सूखा राहत में हो इस्तेमाल : राउत

Ads

कुंभ मेले के खर्च में कटौती की जाए, उस पैसे का सूखा राहत में हो इस्तेमाल : राउत

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 03:33 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 03:33 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

मुंबई, 22 सितंबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने मंगलवार को मांग की कि नासिक में होने वाले कुंभ मेले पर ‘बेवजह खर्च’ में कटौती की जाए और उस पैसे का इस्तेमाल सूखे से राहत प्रदान करने के कामों में किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर महा विकास आघाडी के सहयोगी दल मिलकर विरोध-प्रदर्शन करते हैं, तो महाराष्ट्र सरकार को किसानों को राहत देने की मांगें मानने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

कमजोर मानसून की वजह से महाराष्ट्र के कई इलाकों, खासकर मराठवाड़ा और विदर्भ में सूखे जैसे हालात बन गए हैं। विपक्ष ने मांग की है कि सरकार तुरंत सूखा घोषित करे और राहत के उपाय करे।

सोमवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ‘सूखा राहत’ के उपाय पहले ही किए जा रहे हैं।

राकांपा (शप) के प्रमुख शरद पवार के इस माह के आखिर में सूखे से प्रभावित इलाकों का दौरा करने की संभावना है।

राउत ने दावा किया कि सत्ताधारी पार्टियों – भाजपा, शिवसेना और राकांपा – के बीच ‘सूखे’ को लेकर कोई तालमेल नहीं है।

उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में इस पर सही तरीके से चर्चा नहीं हो रही है और मंत्रालय (राज्य सचिवालय) किसानों की पुकार नहीं सुन रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को तत्काल राहत की जरूरत है, लेकिन मुख्यमंत्री ने इस पर चुप्पी साधे रखी।

राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘कुंभ मेले के लिए (बुनियादी ढांचे के काम पर) 55,000-60,000 करोड़ रुपये खर्च करने की अभी ज़रूरत नहीं है। कुंभ मेले के लिए जितनी जरूरत हो, उतना ही खर्च किया जाना चाहिए और बाकी 35,000-40,000 करोड़ रुपये सूखे से प्रभावित लोगों की मदद के लिए इस्तेमाल किए जाने चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि विदर्भ, मराठवाड़ा, पश्चिमी महाराष्ट्र और कोंकण को ​​जोड़ने वाले प्रस्तावित शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे का काम रोक दिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्माण ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।

राउत ने कहा, ‘‘बेवजह के खर्च को रोका जाना चाहिए और उस पैसे का इस्तेमाल किसानों को राहत देने में किया जाना चाहिए।’’

भाषा राजकुमार दिलीप

दिलीप