प्रियजनों की तलाश में सैकड़ों लोग नेपाल के अस्पतालों के बाहर एकत्र

प्रियजनों की तलाश में सैकड़ों लोग नेपाल के अस्पतालों के बाहर एकत्र

प्रियजनों की तलाश में सैकड़ों लोग नेपाल के अस्पतालों के बाहर एकत्र
Modified Date: August 27, 2026 / 05:36 pm IST
Published Date: August 27, 2026 5:36 pm IST

काठमांडू, 27 अगस्त (भाषा) ‘‘हमने उसे हर जगह तलाश किया लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। अगर आपको किसी भी अस्पताल में इस नाम का कोई व्यक्ति मिले, तो कृपया हमें बताएं। मैं आपको उसकी तस्वीर दिखाता हूं। कृपया उसे तलाशने में मदद करें।”

एक लापता व्यक्ति के रिश्तेदार ने काठमांडू स्थित ‘नेशनल ट्रॉमा सेंटर’ के बाहर ‘पीटीआई वीडियो’ से बदहवास हालत में यह अपील की।

चितवन के भरतपुर अस्पताल में भी ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जहां परिवार अपने रिश्तेदारों की तलाश में लगातार जुटे हुए थे।

ठाकुर प्रसाद कंडेल और लीलावती सापकोटा अस्पताल में अपने भाइयों की तलाश कर रहे लोगों में शामिल थे जो बुधवार सुबह से लापता हैं।

नेपाल में अचानक आयी विनाशकारी बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने प्रियजनों की तलाश में बृहस्पतिवार को अस्पतालों के बाहर एकत्र हो गए।

नेपाल में बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 270 हो गई है और हजारों लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

समाचार पत्र ‘द काठमांडू पोस्ट’ की खबर के अनुसार महाराजगंज स्थित त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में सैकड़ों लोग अपने उन रिश्तेदारों की तलाश में जुटे थे, जिनसे बुधवार को संपर्क नहीं हो पाया था।

बुधवार को बाढ़ ने रसुवा और मध्य नेपाल के अन्य हिस्सों में तबाही मचाई थी, जिसके बाद बाढ़ का पानी त्रिशूली और नारायणी नदी के निकट स्थित निचले इलाकों की ओर तेजी से बह गया।

अधिकारियों ने अस्पताल लाए गए लोगों की सूचियां जारी की थीं, ताकि परिजन यह पता लगा सकें कि उनके प्रियजन बचाए गए लोगों में शामिल हैं या अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। अस्पताल में मृत लोगों की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई थीं।

अधिकारियों ने उन लोगों के नाम और अन्य विवरण दर्ज करने के लिए डेस्क बनाए, जिनका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया था। इस दौरान परिवार अब भी लापता लोगों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।

अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में प्रभावित क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आये घायल लोगों का इलाज किया जा रहा है।

नेपाल के स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा बृहस्पतिवार सुबह जारी की गई जानकारी के अनुसार, त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में 20 घायल लोगों का इलाज किया जा रहा है। वहीं, अन्य घायलों का इलाज नुवाकोट के त्रिशूली अस्पताल और काठमांडू के बीर अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में किया जा रहा था।

स्वास्थ्य अधिकारी प्रभावित जिलों में आपातकालीन उपचार और बचाव अभियानों में समन्वय कर रहे हैं।

सरकारी एजेंसियां और सुरक्षा बल बचे हुए लोगों और लापता लोगों की तलाश जारी रखे हुए हैं जबकि अधिकारी मृतकों के आंकड़ों का मिलान करने और बरामद किए गए लोगों की पहचान करने में जुटे थे।

नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, 826 लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। इनमें 590 पर्यटक शामिल हैं।

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में