इमरान खान ने पाकिस्तान के चुनाव आयोग के विरूद्ध प्रदर्शन का किया आह्वान, इस्लामाबाद में तनाव

इमरान खान ने पाकिस्तान के चुनाव आयोग के विरूद्ध प्रदर्शन का किया आह्वान, इस्लामाबाद में तनाव

इमरान खान ने पाकिस्तान के चुनाव आयोग के विरूद्ध प्रदर्शन का किया आह्वान, इस्लामाबाद में तनाव
Modified Date: November 29, 2022 / 08:42 pm IST
Published Date: August 4, 2022 8:30 pm IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, चार अगस्त (भाषा) पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने पाकिस्तान के चुनाव आयोग और उसके प्रमुख पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए उनके विरूद्ध प्रदर्शन का आह्वान किया जिसके बाद बृहस्पतिवार को यहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

कुछ दिन पहले चुनाव आयोग ने निषिद्ध विदेशी चंदा प्राप्त करने को लेकर खान की पार्टी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

खान की पाकिस्तान तहरीक -ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी और चुनाव आयोग के बीच टकराव चल रहा है। खान मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुलतान राजा पर भेदभावकारी होने का आरोप लगाते रहे हैं।

सोमवार को खान ने राजा के इस्तीफे के वास्ते दबाव डालने के लिए बृहस्पतिवार को इस्लामाबाद में चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। पुलिस द्वारा उधर जाने वाले मार्गों पर अवरोधक लगाये जाने एवं सरकार द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने का निश्चय करने के बाद खान ने अपना प्रदर्शन स्थल बदलने का फैसला किया।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ आज मैं अपने लोगों से छह बजे एफ 9 पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग के विरूद्ध शांतिपूर्ण जन प्रदर्शन के लिए बाहर निकलने का आह्वान कर रहा हूं।’’ उन्होंने लिखा कि वह शाम को इस जनसभा को संबोधित करेंगे।

कुछ दिन पहले चुनाव आयोग विदेशी चंदा मामले में इस निष्कर्ष पर पहुंचा था कि खान की पीटीआई को निषिद्ध स्रोतों से चंदा मिला और उसने उस पैसे को छिपाया जो उसे विभिन्न स्रोतों से मिले।

चुनाव आयोग ने मंगलवार को कहा कि खान की पार्टी ने भारतीय मूल की एक व्यापारी समेत 34 विदेशियों से नियमों के विपरीत चंदा लिया । यह पूर्व प्रधानमंत्री के लिए एक बड़ा झटका था।

आयोग की तीन सदस्यीय पीठ ने विदेशी नागरिकों एवं विदेशी कंपनियों से निषिद्ध चंदा लेने को लेकर पीटीआई को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि वह प्रदर्शनकारियों को रोकेगी। गृहमंत्री राना सनाउल्लाह ने बुधवार को कहा कि सरकार पीटीआई समर्थकों को रेड जोन में जाने एवं चुनाव आयोग के बाहर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं देगी।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की अशांति की आशंका में रेड जोन को सील कर दिया है।

भाषा राजकुमार पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में