भारत और फ्रांस ने निजी क्षेत्र के नए समझौतों के साथ अंतरिक्ष सहयोग को बढ़ाया

Ads

भारत और फ्रांस ने निजी क्षेत्र के नए समझौतों के साथ अंतरिक्ष सहयोग को बढ़ाया

  •  
  • Publish Date - September 10, 2026 / 02:59 PM IST,
    Updated On - September 10, 2026 / 02:59 PM IST

पेरिस, 10 सितंबर (भाषा) भारत और फ्रांस के अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तहत दोनों देशों की कंपनियों ने उपग्रह प्रक्षेपण, अंतरिक्ष निगरानी और सूक्ष्म उपग्रह प्रौद्योगिकी से जुड़े तीन नए समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। एक आधिकारिक बयान से यह जानकारी मिली।

पेरिस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष शिखर सम्मेलन में घोषित इन समझौतों में फ्रांस की कंपनी ‘सफ्रान स्पेस’ और भारत की ‘ध्रुव स्पेस’ के बीच पांच लाख यूरो से अधिक मूल्य के अनुबंध शामिल हैं। ये अनुबंध भारत की प्रस्तावित 52 उपग्रहों वाली अंतरिक्ष निगरानी प्रणाली में इस्तेमाल की जाने वाली प्रौद्योगिकियों से जुड़े हैं।

ये नए समझौते भारत और फ्रांस के बीच पांच दशक से अधिक समय से चले आ रहे अंतरिक्ष सहयोग की पृष्ठभूमि में हुए हैं। यह सहयोग भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और फ्रांस की अंतरिक्ष एजेंसी ‘सीएनईएस’ के बीच साझेदारी पर आधारित रहा है।

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष शिखर सम्मेलन का पहला संस्करण 9-10 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सरकारें, कंपनियां, अंतरिक्ष एजेंसियां और वैज्ञानिक भाग ले रहे हैं।

इस शिखर सम्मेलन में 51 घोषणाएं की गईं, जिनमें करीब 20 अरब यूरो के अनुबंध, निवेश और अन्य प्रतिबद्धताएं शामिल हैं।

एक अन्य बड़े समझौते के तहत, फ्रांस की प्रक्षेपण सेवा प्रदाता कंपनी ‘राइड’ ने भारत की कंपनी ‘टेकमीटूस्पेस’ के लिए दो उपग्रहों के प्रक्षेपण को लेकर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

वहीं, फ्रांस की अंतरिक्ष कंपनी ‘यू-स्पेस’ और भारतीय कंपनी ‘एक्सिसकेड्स’ ने भारत के सूक्ष्म उपग्रह बाजार के बढ़ते अवसरों का लाभ उठाने तथा बढ़ती वाणिज्यिक और संस्थागत मांग को पूरा करने के लिए वाणिज्यिक सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

भाषा शफीक नरेश

नरेश