भारत ने सऊदी अरब में अपने नागरिकों को मदद का आश्वासन दिया

भारत ने सऊदी अरब में अपने नागरिकों को मदद का आश्वासन दिया

भारत ने सऊदी अरब में अपने नागरिकों को मदद का आश्वासन दिया
Modified Date: March 8, 2026 / 10:28 pm IST
Published Date: March 8, 2026 10:28 pm IST

दुबई, आठ मार्च (भाषा) सऊदी अरब में भारत के राजदूत सुहेल एजाज खान ने रविवार को भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ डिजिटल माध्यम से बातचीत की और ईरान पर अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हमलों के बाद उन्हें सहायता का आश्वासन दिया।

खान के साथ मिशन के उप प्रमुख अबू मथेन जॉर्ज और काउंसलर (सामुदायिक कल्याण) वाई साबिर भी थे।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किए गए एक पोस्ट के अनुसार, राजदूत ने समुदाय को आश्वासन दिया कि दूतावास जरूरतमंद भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है।

खान ने समुदाय के प्रतिनिधियों को दूतावास की हालिया पहल के बारे में भी जानकारी दी, जिसमें त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए 24 घंटे चालू रहने वाले नियंत्रण कक्ष की स्थापना शामिल है। समुदाय के प्रतिनिधियों ने दूतावास की पहल और सहयोग की सराहना की।

भारतीय मिशन ने सऊदी अरब में रविवार को अपने नागरिकों के लिए परामर्श जारी किया कि वे सतर्क रहें और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें। उनसे यह भी कहा गया है कि वे स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी सलाह का सावधानीपूर्वक अनुसरण करें।

यह परामर्श अमेरिका और ईरान के बीच टकराव के मद्देनजर जारी किया गया है।

परामर्श में कहा गया है कि कई विमानन कंपनियां रियाद, जेद्दा, दम्माम और भारतीय शहरों के बीच उड़ानें संचालित कर रही हैं। भारत और सऊदी अरब की विमानन कंपनियों ने जेद्दा और मदीना में अपनी सामान्य उड़ानें फिर शुरू कर दी हैं।

भाषा अविनाश दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में