भारत ने श्रीलंका में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद के लिए 134 पुलिस वाहन सौंपे

Ads

भारत ने श्रीलंका में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद के लिए 134 पुलिस वाहन सौंपे

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 05:16 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 05:16 PM IST

कोलंबो, 25 मई (भाषा) भारत ने सोमवार को कोलंबो में राष्ट्रपति भवन परिसर में आयोजित समारोह में श्रीलंका को 134 पुलिस वाहन सौंपे, जिसे दोनों देशों के बीच ‘‘बहुआयामी विकास साझेदारी’’ में एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

इस सौदे से जुड़े समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर दिसंबर 2024 में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके की नयी दिल्ली यात्रा के दौरान हस्ताक्षर हुए थे।

भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘‘राष्ट्रपति अनुरा दिसानायके की गरिमामयी उपस्थिति में श्रीलंका पुलिस को 30 करोड़ श्रीलंकाई रुपये से खरीदे गए 134 वाहन सौंपे गए।’’

उन्होंने बताया कि श्रीलंका पुलिस के अनुरोध पर की गई यह पहल सड़क सुरक्षा, नागरिकों को समय पर मदद पहुंचाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लक्ष्यों को पूरा करने में सहायक होगी।

भारतीय उच्चायोग ने एक बयान में कहा कि इस बेड़े की सुपुर्दगी भारत और श्रीलंका के बीच सभी प्रमुख क्षेत्रों में जारी बहुआयामी विकास साझेदारी में एक और महत्वपूर्ण अध्याय है।

राष्ट्रपति दिसानायके के अलावा श्रीलंका के सुरक्षा मंत्री आनंद विजेपाल और पुलिस महानिरीक्षक प्रियंत वीरसुरिया भी समारोह में मौजूद थे।

समाचार पोर्टल ‘न्यूजफर्स्ट’ की खबर के मुताबिक, ये वाहन उत्तरी प्रांत के पुलिस थानों को उपलब्ध कराए जाएंगे।

भाषा खारी पारुल

पारुल