मध्य बांग्लादेश में ट्रक पलटा, कम से कम 15 लोगों की मौत

Ads

मध्य बांग्लादेश में ट्रक पलटा, कम से कम 15 लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 02:43 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 02:43 PM IST

ढाका, 25 मई (भाषा) मध्य बांग्लादेश के एक प्रमुख राजमार्ग पर सोमवार तड़के एक ट्रक पलट गया, जिससे कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

स्थानीय अग्निशमन केंद्र के प्रभारी अताउर रहमान ने पत्रकारों को बताया, ‘यह दुर्घटना जमुना पुल के पूर्वी हिस्से में हुई, जो उत्तर-पश्चिमी बांग्लादेश को मध्य भाग से जोड़ता है।’

उन्होंने कहा कि आसपास के इलाकों के लोगों की मदद से 10 घायलों को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, लॉरी में लोहे की छड़ों के साथ-साथ कुछ यात्री भी सवार थे। चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और मध्य बांग्लादेश के तंगेल जिले के कालीहाटी उप-जिले में यह पलट गया।

तंगेल की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, फौजिया हबीब खान ने कहा कि लॉरी या ट्रक दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर चटगांव से उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र की ओर जा रहा था, और ईद अल-अजहा के अवसर पर छुट्टियां मनाने जा रहे लोग उस पर सवार हुए होंगे।

यह दुखद घटना सोमवार से शुरू हुई ईद-अल-अजहा की 10 दिन की छुट्टियों के बीच हुई है। लोग त्योहार के लिए अपने-अपने शहर जा रहे हैं, जिससे बसें, ट्रेनें और नौकाएं खचाखच भरी हैं।

हालांकि, पुलिस ने कहा कि 15 लोगों की पहचान तुरंत नहीं हो सकी है और उनकी पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

बांग्लादेश उन देशों में शामिल है जहां सड़क दुर्घटनाओं में मौत के सर्वाधिक मामले सामने आते हैं। इन दुर्घटनाओं के लिए आमतौर पर लापरवाही से वाहन चलाना, अनुपयुक्त वाहन और अक्सर खराब सड़कों को जिम्मेदार बताया जाता है।

भाषा तान्या वैभव

वैभव