बांग्लादेश के साथ अपने गहरे रक्षा संबंधों को जारी रखना चाहता है भारत: उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी

बांग्लादेश के साथ अपने गहरे रक्षा संबंधों को जारी रखना चाहता है भारत: उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी

बांग्लादेश के साथ अपने गहरे रक्षा संबंधों को जारी रखना चाहता है भारत: उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी
Modified Date: September 9, 2026 / 06:39 pm IST
Published Date: September 9, 2026 6:39 pm IST

ढाका, नौ सितंबर (भाषा) भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बुधवार को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) शम्सुल इस्लाम से उनके छावनी स्थित कार्यालय में मुलाकात की और कहा कि ढाका के साथ अपने रक्षा और रणनीतिक संबंधों को नयी दिल्ली ‘‘बहुत महत्व’’ देती है।

यह बैठक त्रिवेदी की बांग्लादेश के राष्ट्रपति मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर के साथ हुई उस मुलाकात के एक दिन बाद हुई, जिसमें दोनों देशों के बीच काफी लंबे समय से चले आ रहे और बहुआयामी रिश्तों को मजबूत करने पर चर्चा हुई थी।

बांग्लादेश रक्षा मंत्रालय के ‘इंटर-सर्विस पब्लिक रिलेशंस’ (आईएसपीआर) निदेशालय ने बैठक के दौरान उच्चायुक्त के हवाले से कहा, ‘‘बांग्लादेश के साथ अपने गहरे सैन्य और रणनीतिक संबंधों को भारत बहुत महत्व देता है।’’

निदेशालय ने कहा कि त्रिवेदी ने पेशेवर सहयोग और साझा सुरक्षा हितों के क्षेत्रों में बांग्लादेश की सशस्त्र सेनाओं के साथ काम करने के लिए भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया।

आईएसपीआर ने त्रिवेदी और शम्सुल इस्लाम की मुलाकात को ‘‘फायदेमंद’’ बताया, क्योंकि उन्होंने कई मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें सशस्त्र बलों के पेशेवर विकास के लिए संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम, सैन्य अधिकारियों के बीच अनुभव एवं प्रशिक्षण का आदान-प्रदान, आपदा प्रबंधन, और क्षेत्रीय शांति व समुद्री सुरक्षा शामिल थे।

इसमें कहा गया है कि बातचीत के दौरान, उच्चायुक्त ने बांग्लादेश सरकार की सामाजिक-आर्थिक पहल की तारीफ की।

आईएसपीआर ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने पड़ोसी देशों के तौर पर आपसी रक्षा सहयोग, क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने और आम वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।’’

भाषा सुभाष माधव

माधव


लेखक के बारे में