भारतीय-अमेरिकी श्रेय पारिख ने जीती ‘स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी’ प्रतियोगिता

भारतीय-अमेरिकी श्रेय पारिख ने जीती ‘स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी’ प्रतियोगिता

भारतीय-अमेरिकी श्रेय पारिख ने जीती ‘स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी’ प्रतियोगिता
Modified Date: May 29, 2026 / 10:20 am IST
Published Date: May 29, 2026 10:20 am IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 29 मई (भाषा) भारतीय-अमेरिकी छात्र श्रेय पारिख ने 90 सेकंड में 32 शब्दों की सही-सही वर्तनी बताकर शुक्रवार को ‘स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी’ प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया।

कैलिफोर्निया निवासी 14 वर्षीय श्रेय ने न्यू जर्सी के ईशान गुप्ता को हराकर यह उपलब्धि हासिल की।

श्रेय वर्ष 2024 में भी इस प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले तक पहुंचे थे। इस बार खिताब जीतने पर उन्हें पुरस्कार स्वरूप 50,000 डॉलर, एक पदक और ‘स्क्रिप्स कप’ प्रदान किया गया। इसके अलावा ‘मेरियम-वेबस्टर’ की ओर से 2,500 डॉलर, ‘डेल्टा एयरलाइंस’ का 1,000 डॉलर का यात्रा क्रेडिट तथा ‘एनसाइक्लोपीडिया ब्रिटानिका’ की ओर से 400 डॉलर मूल्य की पुस्तकें भी दी गईं।

तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता सोमवार को यहां ‘डी.ए.आर. कॉन्स्टीट्यूशन हॉल’ में शुरू हुई जिसमें अमेरिका के सभी 50 राज्यों, डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया, गुआम, प्यूर्टो रिको, वर्जिन आइलैंड, यूरोप स्थित रक्षा विभाग के स्कूलों तथा पांच अन्य देशों — बहामास, कनाडा, घाना, नाइजीरिया और संयुक्त अरब अमीरात से कुल 247 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले में केवल नौ प्रतिभागी पहुंच सके। बृहस्पतिवार शाम हुए अंतिम मुकाबले में श्रेय और ईशान, दोनों को एक ही सूची से शब्द दिए गए और उन्हें 90-90 सेकंड का समय मिला।

निर्णायकों ने पाया कि ‘स्पेल-ऑफ’ दौर में श्रेय ने 32 शब्दों की सही वर्तनी बताई, जबकि ईशान 25 शब्द ही सही बता सके।

जॉर्जिया के 12 वर्षीय सर्व धारवने ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।

भाषा खारी सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में