भारतीय जलवायु नीति विशेषज्ञ राष्ट्रमंडल युवा मंच के अंतरराष्ट्रीय कार्यबल में शामिल

Ads

भारतीय जलवायु नीति विशेषज्ञ राष्ट्रमंडल युवा मंच के अंतरराष्ट्रीय कार्यबल में शामिल

  •  
  • Publish Date - June 16, 2026 / 04:04 PM IST,
    Updated On - June 16, 2026 / 04:04 PM IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, 16 जून (भाषा) भारतीय जलवायु नीति विशेषज्ञ विक्रांत श्रीवास्तव को उन 23 उत्कृष्ट युवा नेताओं के अंतरराष्ट्रीय कार्यबल में शामिल किया गया है, जो एंटीगुआ और बारबुडा में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल युवा मंच (सीवाईएफ) 2026 के आयोजन में अहम भूमिका निभाएंगे।

राष्ट्रमंडल सचिवालय ने इस सप्ताह यहां जारी एक बयान में कहा कि विक्रांत श्रीवास्तव राष्ट्रमंडल सचिवालय, राष्ट्रमंडल युवा परिषद (सीवाईसी) और एंटीगुआ एवं बारबुडा सरकार के साथ मिलकर इस वर्ष के अंत में कैरेबियाई क्षेत्र में होने वाली राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक (सीएचओजीएम) के दौरान आयोजित होने वाले युवा शिखर सम्मेलन की योजना तैयार करेंगे।

विक्रांत राष्ट्रमंडल के 56 सदस्य देशों से चुने गए 22 अन्य युवा नेताओं के साथ मंच के कार्यक्रम, नीतिगत सिफारिशों और व्यवस्थागत तैयारियों को आकार देने में योगदान देंगे।

बयान में कहा गया, ‘‘विक्रांत पर्यावरणीय शासन, युवा सहभागिता और सतत विकास के क्षेत्र में कार्यरत जलवायु एवं युवा नीति विशेषज्ञ हैं।’’

इसमें कहा गया, ‘‘वह एशिया और वैश्विक दक्षिण (ग्लोबल साउथ) में बहु-हितधारक रणनीतियों, साझेदारियों और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का नेतृत्व करते हैं। उनका विशेष ध्यान जलवायु अनुकूलन क्षमता, प्रकृति-समर्थ विकास और न्यायसंगत बदलावों पर केंद्रित है।’’

बयान के अनुसार, ‘‘विक्रांत को बहुपक्षीय जलवायु एवं पर्यावरणीय प्रक्रियाओं का गहरा अनुभव है और उन्होंने वैश्विक मंचों पर अंतरराष्ट्रीय नीति एवं पैरवी को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वह विभिन्न मंचों पर युवाओं और संवेदनशील समुदायों का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं।’’

वर्ष 2010 में स्थापित सीवाईएफ का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि सरकारें युवाओं की चिंताओं और दृष्टिकोणों को अपने निर्णयों में शामिल करें। तब से यह मंच राष्ट्रमंडल देशों के युवाओं को अपनी बात राष्ट्राध्यक्षों तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।

‘युवा एजेंसी में निवेश-साझी समृद्धि की दिशा में मार्गों का सह-निर्माण’ नामक विषय पर आधारित सीवाईएफ 2026 का आयोजन एंटीगुआ में सीएचओजीएम के साथ किया जाएगा।

कार्यबल की सह-अध्यक्ष और सीवाईसी की समावेशन एवं सहभागिता उपाध्यक्ष नीमा शेख अब्दिकादिर अब्दुल्लाही ने कहा, ‘‘ऐसे समय में जब मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण युवा बहुपक्षवाद पर सवाल उठा रहे हैं, यह मंच युवा नेताओं और अन्य हितधारकों को अपने कौशल विकसित करने तथा भविष्य को आकार देने वाले समाधानों के सह-निर्माण का अवसर प्रदान करेगा।’’

एंटीगुआ एवं बारबुडा का प्रतिनिधित्व कर रहे सह-अध्यक्ष डोंटे वाल्टर ने कहा, ‘‘मैं साथी नेताओं और हितधारकों के साथ मिलकर एक परिवर्तनकारी और प्रभावशाली युवा मंच प्रदान करने को लेकर उत्साहित हूं। यह मंच दूरदर्शी युवाओं को एकजुट करेगा, सार्थक सहभागिता को मजबूत करेगा और उभरते नेताओं को अधिक सतत एवं समावेशी राष्ट्रमंडल के निर्माण के लिए आवश्यक क्षमता और लचीलापन प्रदान करेगा।’’

राष्ट्रमंडल के विभिन्न क्षेत्रों और हित समूहों का प्रतिनिधित्व करने वाला यह कार्यबल ऐसा मंच तैयार करने में सहयोग करेगा, जिसका उद्देश्य नीति-निर्माताओं को सतत विकास, समृद्धि और राष्ट्रमंडल में निवेश को बढ़ावा देने वाली पहलों के समर्थन के लिए प्रोत्साहित करना है।

भाषा रविकांत दिलीप

दिलीप