(तस्वीरों के साथ)
नागपुर, 16 जून (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंगलवार को संकेत दिया कि उनकी पार्टी चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं है।
दीपके ने नीट-यूजी विवाद (मेडिकल प्रवेश परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक) के बाद देश के विद्यार्थियों से संवाद न करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना भी की।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर यहां सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन से पहले दीपके ने यहां प्रेसवार्ता की।
जब उनसे पूछा गया कि क्या सीजेपी चुनाव लड़ेगी, तो उन्होंने कहा, ‘‘हम चुनाव क्यों लड़ें? मेरा मतलब है, अगर देश में हर किसी को अपने अधिकारों की मांग के लिए चुनाव लड़ना पड़े… तो यह कैसे चलेगा?’’
जब दीपके से यह कहा गया कि क्या प्रधानमंत्री को देश के युवाओं को संबोधित करना चाहिए और उन्हें भरोसा दिलाना चाहिए कि पेपर लीक दोबारा नहीं होगा, तो उन्होंने कहा कि मोदी को सबसे पहले उन पांच या छह विद्यार्थियों के माता-पिता से माफ़ी मांगनी चाहिए जिन्होंने (तीन मई की नीट-यूजी परीक्षा रद्द होने के बाद) आत्महत्या कर ली थी।
दीपके ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री दुनिया भर में कहीं भी कुछ होने पर ट्वीट करते हैं, लेकिन यहां देश के विद्यार्थी आत्महत्या कर रहे हैं और प्रधानमंत्री की ओर से उनके लिए संवेदना का एक ट्वीट तक नहीं आता। आप कब तक अपनी ‘मन की बात’ और ‘परीक्षा पे चर्चा’ की बातें करते रहेंगे? कम से कम विद्यार्थियों की ‘मन की बात’ तो सुनिए।’’
सीजेपी के संस्थापक ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री विद्यार्थियों से बातचीत करते, तो वह उनकी समस्याओं को समझ पाते और उनका समाधान निकाल पाते।
उन्होंने दोहराया कि सीजेपी का देशव्यापी विरोध तब तक नहीं रुकेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते।
भाषा राजकुमार शोभना
शोभना