दुबई, 14 जून (भाषा) मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को कहा कि ओमान तट के निकट एक वाणिज्यिक जहाज के इंजन में खराबी आने के बाद भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है।
दूतावास ने कहा कि भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज ‘विराट 1’ पर भारतीय चालक दल के 14 सदस्य कथित तौर पर सवार थे।
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच यह घटना हुई है।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘यह सामने आया है कि जहाज के इंजन में खराबी आ गई है और चालक दल को अंततः सुरक्षित रूप से ‘लाइफ राफ्ट’ में पहुंचाया गया है। ओमान के अधिकारियों के सहयोग से बचाव अभियान चल रहा है तथा उसमें आसपास मौजूद जहाज सहायता पहुंचा रहे हैं।’’
पिछले सप्ताह ओमान के तट पर तब तनाव की स्थिति देखने को मिली थी, जब क्षेत्र में भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले तीन जहाज अमेरिकी हमले की चपेट में आ गये। इनमें से एक में सवार तीन नाविकों की मौत हो गई थी।
भारत ने शुक्रवार को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब किया था और उनसे कहा था कि ओमान तट के निकट भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी सेना के “घातक और जानलेवा” हमले अस्वीकार्य हैं।
भारत ने कहा था कि ये हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं।
भाषा
देवेंद्र राजकुमार
राजकुमार