मुंबई, 28 जून (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि पालघर जिले में प्रस्तावित वधावन बंदरगाह भारत की विकास यात्रा का एक ऐतिहासिक अध्याय साबित होगा और यह अगले तीन दशकों तक राज्य एवं देश की अर्थव्यवस्था वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
फडणवीस ने पालघर में प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा के बाद संवाददाताओं से कहा कि सरकार इस परिवर्तन प्रक्रिया में स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करवाएगी।
उन्होंने परियोजना स्थल का निरीक्षण करने के बाद कहा, ‘‘वधावन बंदरगाह महाराष्ट्र और देश की अर्थव्यवस्था को अगले 30 वर्षों तक गति देगा। यह भारत की विकास यात्रा का एक ऐतिहासिक अध्याय बनेगा।”
वधावन में प्रस्तावित यह बंदरगाह 10 किलोमीटर की समुद्री दूरी पर है, जहां 20 मीटर प्राकृतिक गहराई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बंदरगाह क्षमता के लिहाज से जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह से लगभग तीन गुना अधिक कार्गो संभालने में सक्षम होगा और दुनिया के शीर्ष 10 बंदरगाहों में शामिल होगा।
फडणवीस ने कहा कि वधवन बंदरगाह दुनिया के शीर्ष 10 बंदरगाहों में से एक होगा।
उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए 30 से 40 प्रतिशत भूमि का अधिग्रहण पूरा हो चुका है और सरकार किसी भी प्रकार का बलपूर्वक अधिग्रहण नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि स्थानीय गांवों और मछुआरा समुदाय को विश्वास में लेकर पुनर्वास सुनिश्चित किया जाएगा।
फडणवीस ने कहा कि इस परियोजना से लगभग 10 लाख रोजगार सृजित होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने बोईसर में बुलेट ट्रेन स्टेशन के काम का भी जायजा लिया और कहा कि निर्माण कार्य तय समय के अनुसार किया जा रहा है और दिसंबर 2027 तक पूरा हो जाएगा।
भाषा यासिर योगेश
योगेश