भारतीय, बांग्लादेशी प्रवासियों का वेतन भुगतान नहीं करने वाला कंपनी निदेशक सिंगापुर लौटा : मंत्री

Ads

भारतीय, बांग्लादेशी प्रवासियों का वेतन भुगतान नहीं करने वाला कंपनी निदेशक सिंगापुर लौटा : मंत्री

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 05:38 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 05:38 PM IST

(गुरदीप सिंह)

सिंगापुर, 28 जून (भाषा) भारत और बांग्लादेश के लगभग 400 से अधिक प्रवासियों का कई महीने का वेतन भुगतान न करने वाला भारतीय मूल का आरोपी निदेशक सिंगापुर लौट आया है। एक मंत्री ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी सिंगापुर से चला गया था, लेकिन अब वह लौट आया है।

तीन कंपनियों -एसके इंडस्ट्रीज, केपीए इंजीनियरिंग और वीवीआर प्लांट इंजीनियरिंग- के निदेशक रामू पलानी वेलु ने कथित तौर पर प्रवासी श्रमिकों का वेतन भुगतान नहीं किया था, जिनमें से ज्यादातर भारत और बांग्लादेश से हैं। इन श्रमिकों को अपने वेतन की वसूली के लिए 22 जून को मानव संसाधन मंत्रालय से संपर्क करना पड़ा।

चैनल ‘न्यूज एशिया’ ने मानव संसाधन राज्य मंत्री दिनेश वासु दास के हवाले से बताया कि वेलु सिंगापुर लौट आए हैं और उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है।

बहु-सुविधा केंद्र का दौरा करते हुए, जहां प्रवासी श्रमिक वर्तमान में रह रहे हैं, दिनेश वासु ने कहा कि उनका मंत्रालय रोजगार अधिनियम और विदेशी मानव संसाधन रोजगार अधिनियम को सख्ती से लागू करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

मंत्री ने कहा कि जिन प्रवासी श्रमिकों का वेतन बकाया है, उन्हें त्रिपक्षीय विवाद प्रबंधन (टीएडीएम) से संपर्क करना चाहिए, ताकि उनके दावे पर विचार हो सके।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश