(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 16 सितंबर (भाषा) नेपाल में भारत के निवर्तमान राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बुधवार को विदेश मंत्री शिशिर खनाल से मुलाकात की और बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
श्रीवास्तव ने काठमांडू में सिंहदरबार स्थित विदेश मंत्रालय में खनाल से मुलाकात की।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “माननीय विदेश मंत्री शिशिर खनाल से विदाई मुलाकात करना सम्मान की बात है। बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने में उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।”
भारतीय राजनयिक ने याद दिलाया कि पिछले कुछ वर्षों में ऊर्जा, बुनियादी ढांचों के बीच संपर्क और लोगों के बीच आपसी संबंधों सहित सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी को गहरा करने में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, बैठक के दौरान खनाल ने भारत को नेपाल के प्रति एकजुटता दिखाने और भोटेकोशी नदी में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद तेजी से आपदा राहत सहायता (जिसमें खोज, बचाव और राहत कार्यों में मदद भी शामिल थी) देने के लिए धन्यवाद दिया।
नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को बर्फ और चट्टानों के खिसकने से अचानक आई बाढ़ में लगभग 1,400 लोगों की मौत हो गई और 5,000 से ज़्यादा लोग लापता हो गए।
खनाल ने श्रीवास्तव को उनके कार्यकाल के सफल समापन पर बधाई दी और नेपाल-भारत संबंधों के बहुआयामी रिश्तों को और गहरा करने की उनकी कोशिशों की सराहना की।
नेपाल के विदेश मंत्रालय ने कहा, “उन्होंने ऊर्जा सहयोग, व्यापार और बुनियादी ढांचों को जोड़ने के साथ-साथ लोगों के बीच संबंधों में अहम उपलब्धियों पर जोर दिया।”
खनाल ने राजदूत को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं और भरोसा जताया कि वे नेपाल के अच्छे दोस्त बने रहेंगे।
श्रीवास्तव ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग और मदद के लिए नेपाल सरकार का आभार जताया और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में नेपाल-भारत के संबंध और मजबूत होंगे।
श्रीवास्तव ने जून 2022 से लगभग चार वर्षों तक नेपाल में भारत के राजदूत के रूप में काम किया है।
भारतीय राजनयिक ने विदेश सचिव अमृत बहादुर राय से भी मुलाकात की।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश